वाराणसी : थाना जंसा में हिस्ट्रीशीटरों की परेड, कानून का पालन करने की दिलाई गई शपथ
वाराणसी, 25 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले के गोमती जोन अंतर्गत जंसा थाने में शनिवार को पंजीकृत सभी हिस्ट्रीशीटरों की परेड कराई गई। डीसीपी गोमती जोन नीतू कादयान के निर्देश पर थानाध्यक्ष उपनिरीक्षक सत्यजीत सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस अभियान का उद्देश्य अपराधियों की गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखना तथा क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखना रहा।
परेड के दौरान सभी हिस्ट्रीशीटरों की उपस्थिति सुनिश्चित कर उनका सत्यापन किया गया। पुलिस ने उनके वर्तमान निवास, व्यवसाय और अन्य गतिविधियों की जानकारी ली। साथ ही उन्हें भविष्य में किसी भी प्रकार की आपराधिक एवं असामाजिक गतिविधियों से दूर रहने, कानून का पालन करने तथा समाज में शांति और सौहार्द बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस अवसर पर सभी हिस्ट्रीशीटरों को शपथ दिलाई गई कि वे भविष्य में किसी भी अवैध या आपराधिक गतिविधि में शामिल नहीं होंगे, कानून का पूर्ण पालन करेंगे तथा ईमानदारी और मेहनत के साथ वैध आजीविका अपनाकर सम्मानजनक जीवन व्यतीत करेंगे। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यदि भविष्य में कोई भी व्यक्ति किसी गैरकानूनी गतिविधि में संलिप्त पाया गया, तो उसके विरुद्ध विधि सम्मत कठोर कार्रवाई की जाएगी।
डीसीपी गोमती जोन ने बताया कि अपराध एवं अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण, क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा अपराध की पुनरावृत्ति रोकने के उद्देश्य से हिस्ट्रीशीटरों की नियमित निगरानी, सत्यापन, परेड और आवश्यकतानुसार काउंसलिंग की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि पुलिस का उद्देश्य ऐसे लोगों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ते हुए उन्हें जिम्मेदार नागरिक के रूप में जीवन जीने के लिए प्रेरित करना भी है।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

