home page

वाराणसी में स्व-गणना की रफ्तार बढ़ाने में जुटा नगर निगम, पार्षदों को किया गया प्रेरित

 | 
वाराणसी में स्व-गणना की रफ्तार बढ़ाने में जुटा नगर निगम, पार्षदों को किया गया प्रेरित


—बैठक में महापौर ने पार्षदों से की अपील, अपने-अपने वार्डों में लोगों को घर बैठे ऑनलाइन गणना के लिए करें प्रेरित

वाराणसी, 17 नवम्बर (हि.स.)। देश की पहली पूर्णतः डिजिटल जनगणना के तहत चल रही स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) की प्रक्रिया को शत-प्रतिशत सफल बनाने के लिए नगर निगम प्रशासन ने कमर कस ली है। इसको लेकर मंगलवार को नगर निगम के सभागार में पार्षदों की एक विशेष बैठक बुलाई गई। बैठक में महापौर अशोक कुमार तिवारी, नगर आयुक्त शाश्वत त्रिपुरारी और अपर नगर आयुक्त बरखा सिंह ने पार्षदों को स्व-गणना की पूरी प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

महापौर अशोक कुमार तिवारी ने सभी पार्षदों और नागरिकों से बढ़-चढ़कर इस डिजिटल अभियान में हिस्सा लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि शहर का प्रथम नागरिक होने के नाते उन्होंने खुद भी अपने आवास पर स्व-गणना पूरी की है, और सभी पार्षदों का दायित्व है कि वे अपने वार्ड की जनता को इसके लिए जागरूक करें।

बैठक को संबोधित करते हुए नगर आयुक्त शाश्वत त्रिपुरारी ने कहा कि 16 से 30 नवंबर तक नागरिकों को घर बैठे ऑनलाइन माध्यम से अपना विवरण दर्ज करने की सुविधा दी गई है। उन्होंने बताया कि आधिकारिक पोर्टल पर मोबाइल नंबर और नाम से पंजीकरण व ओटीपी सत्यापन के बाद परिवार के सदस्यों से जुड़े 40 बिंदुओं की जानकारी भरनी होगी। प्रक्रिया पूरी होने पर 11 अंकों की 'एसई आईडी' प्राप्त होगी, जिसे सुरक्षित रखना जरूरी है।

नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि यह पूरा डेटा पूर्णतः सुरक्षित और गोपनीय रहेगा, जिसका उपयोग भविष्य में शहर और देश के विकास की योजनाएं बनाने में होगा। इस दौरान बैठक में अपर नगर आयुक्त बरखा सिंह ने सभी पार्षदों से अपील की कि वे जनप्रतिनिधि होने के नाते अपने-अपने वार्डों में जागरूकता अभियान चलाएं और क्षेत्रीय नागरिकों को अधिक से अधिक संख्या में स्व-गणना के लिए प्रेरित करें, ताकि बाद में प्रगणकों के घर-घर जाने पर सर्वेक्षण का कार्य सुगमता से पूरा हो सके।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी