home page

इंटर-फैकल्टी शतरंज प्रतियोगिता में सोशल वर्क की छात्रा दीपांशी सिंह ने प्राप्त किया प्रथम स्थान

 | 
इंटर-फैकल्टी शतरंज प्रतियोगिता में सोशल वर्क की छात्रा दीपांशी सिंह ने प्राप्त किया प्रथम स्थान


वाराणसी,18 सितम्बर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी स्थित काशी हिन्दू विश्वविद्यालय के समाजशास्त्र विभाग के अंतर्गत संचालित एम.ए. इन सोशल वर्क कार्यक्रम के प्रथम सेमेस्टर की छात्रा दीपांशी सिंह ने विश्वविद्यालय की इंटर-फैकल्टी शतरंज प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पाया है।

दीपांशी की इस सफलता से समाजशास्त्र विभाग में हर्ष और गौरव का वातावरण है।

दीपांशी सिंह की उपलब्धि के उपलक्ष्य में शुक्रवार को एम.ए. इन सोशल वर्क कार्यक्रम के पाठ्यक्रम समन्वयक प्रो. विमल कुमार लहरी ने उन्हें प्रतियोगिता में अर्जित पदक पहनाकर सम्मानित किया। पुष्पगुच्छ भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

प्रो.विमल कुमार ने कहा कि दीपांशी की सफलता अन्य विद्यार्थियों को भी विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित खेलकूद, सांस्कृतिक एवं अन्य प्रतिस्पर्धात्मक गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग लेने के लिए प्रेरित करेगी।

इस अवसर पर दीपांशी सिंह ने विद्यार्थियों के साथ अपनी शतरंज-यात्रा एवं संघर्षपूर्ण अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि शतरंज से उनका परिचय बचपन में अपने पिता के मार्गदर्शन में हुआ। उनकी सफलता में परिवार से प्राप्त निरंतर प्रोत्साहन, पारिवारिक सौहार्द, अनुशासन, नियमित अभ्यास एवं पारस्परिक सहयोग की महत्त्वपूर्ण भूमिका रही है। साथी विद्यार्थियों ने भी दीपांशी को इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर बधाई देते हुए उनके सफल एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी है।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी