बीएचयू में इंटर फैकल्टी वॉलीबॉल प्रतियोगिता का शानदार आगाज, खिलाड़ियों ने दिखाया दम
—पहले दिन कला, विज्ञान, सामाजिक विज्ञान, आरजीएससी और एसवीडीवी ने दर्ज की जीत
वाराणसी, 22 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में वाराणसी स्थित काशी हिन्दू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के क्रीड़ा परिषद के तत्वावधान में आयोजित इंटर फैकल्टी वॉलीबॉल प्रतियोगिता का मंगलवार को आगाज हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि प्रो. सुजीत कुमार दुबे, डीन, इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज ने किया। विश्वविद्यालय क्रीड़ा परिषद की उपाध्यक्ष प्रो. अर्चना सिंह ने मुख्य अतिथि को पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। क्रीड़ा परिषद के महासचिव प्रो. ए.के. नेमा ने स्वागत भाषण दिया और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
आयोजन सचिव डॉ. रोबिन कुमार सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता में कुल नौ पुरुष टीमें खिताब के लिए हिस्सा ले रही हैं। उद्घाटन सत्र का संचालन डॉ. प्रमोद कुमार यादव ने किया। प्रतियोगिता के पहले दिन रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। पहले मैच में कला संकाय ने वाणिज्य संकाय को सीधे सेटों में 25-13, 25-18 से हराया। दूसरे मुकाबले में विज्ञान संस्थान ने एसवीडीवी को 25-18, 25-14 से पराजित किया।
तीसरे मैच में सामाजिक विज्ञान संकाय ने डीएवी कॉलेज के खिलाफ शानदार प्रदर्शन करते हुए 25-21, 25-16 से जीत दर्ज की। चौथे मुकाबले में राजीव गांधी दक्षिणी परिसर (आरजीएससी), बरकच्छा ने एग्रीकल्चर साइंस को 25-21, 25-19 से मात दी। दिन का सबसे रोमांचक मुकाबला एसवीडीवी और एजुकेशन के बीच खेला गया। तीन सेट तक चले संघर्षपूर्ण मुकाबले में एसवीडीवी ने 2-1 से जीत दर्ज की। एसवीडीवी ने पहला सेट 25-15 से जीता, जबकि एजुकेशन ने दूसरे सेट में 25-22 से वापसी की। निर्णायक तीसरे सेट में एसवीडीवी ने 25-19 से जीत हासिल कर मुकाबला अपने नाम किया।
उद्घाटन समारोह में वॉलीबॉल के अध्यक्ष डॉ. शैलेंद्र कुमार सिंह, प्रो. निर्मला होरो, प्रो. मीनू लकरा, प्रो. संजय सोनकर, डॉ. किरण आर्या (बरकच्छा) समेत कई संकाय सदस्य मौजूद रहे। प्रतियोगिता के सुचारू और अनुशासित संचालन में सचिव डॉ. कविता वर्मा, उप-निदेशक डॉ. राजीव कुमार सिंह, डॉ. खुर्शीद अहमद, डॉ. धीरेन्द्र तिवारी, डॉ. प्रदीप खालको, सहायक निदेशक डॉ. हरिराम यादव, डॉ. प्रियंका यादव और डॉ. वैभव ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। एसआरके से दिलीप और आदर्श ने भी आयोजन में सहयोग किया। मैचों के निर्णायक मंडल में आशीष तिवारी, शिव शंकर यादव, नितेश यादव, आनंद शुक्ला, प्रिय रंजन सिंह और राहुल यादव 'बाबा' शामिल रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

