home page

वाराणसी: नमो घाट से हर घर तिरंगा - हर घाट तिरंगा अभियान की हुई शुरुआत

 | 
वाराणसी: नमो घाट से हर घर तिरंगा - हर घाट तिरंगा अभियान की हुई शुरुआत


—नमामि गंगे ने स्वतंत्रता का उत्सव, स्वच्छता के संग ” मनाने का किया आवाह्न

वाराणसी, 09 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की धार्मिक नगरी वाराणसी में देश की आजादी के 80वीं वर्षगांठ पर देश भक्ति के साथ स्वच्छता का भी संदेश दिया जाएगा। जल शक्ति मंत्रालय राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन द्वारा 09 से 15 अगस्त तक आहूत हर घर तिरंगा, हर घाट तिरंगा अभियान की शुरुआत रविवार को नमामि गंगे ने नमो घाट से की।

राष्ट्रभक्ति और स्वच्छता की अलख जगाते हुए आवाह्न किया गया कि ‘हर घर तिरंगा' सिर्फ एक अभियान नहीं, बल्कि जन-जन का संकल्प बने। स्वतंत्रता का उत्सव, स्वच्छता के संग अभियान का उद्देश्य देशभक्ति, स्वच्छता और नागरिक एकता को एक साथ जोड़ना है। समाज में देशभक्ति का माहौल बनाने के उद्देश्य से नमो घाट का आध्यात्मिक परिसर हर दिल तिरंगा-हर मन तिरंगा-हर मकसद तिरंगा-हर सपना तिरंगा के जयकारे से गूंज उठा । राष्ट्रध्वज लेकर सभी ने स्वच्छता का संकल्प लिया । कार्यक्रम के संयोजक गंगासेवक राजेश शुक्ला ने बताया कि हर घर तिरंगा, हर घाट तिरंगा अभियान का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक नागरिक को अपने घर पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए प्रेरित करना है।

यह अभियान लोगों में देशभक्ति की भावना को जागृत करने के साथ-साथ राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान को बढ़ावा देगा। यही नहीं भारत सरकार का यह अभियान स्वच्छता और जल संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत मिशन को भी मजबूती प्रदान करेगा। इसमें जल जीवन मिशन और स्वच्छ भारत मिशन के तहत शहरों और गांवों में जल संरक्षण, सामुदायिक सफाई, स्वच्छता शपथ और अमृत सरोवरों पर ध्वजारोहण जैसे कार्यक्रम होंगे। आयोजन में रिंपी तनेजा, नेहा कपूर, भावना लूथरा, कनिका सचदेवा, पूजा भल्ला, पूजा तनेजा आदि ने पूरे उत्साह के साथ भागीदारी की।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी