home page

गोवर्धन पूजा में शामिल होंगे मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव,निकलेगी शोभायात्रा

 | 
गोवर्धन पूजा में शामिल होंगे मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव,निकलेगी शोभायात्रा


वाराणसी,07 नवम्बर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की धार्मिक नगरी वाराणसी में दीपावली पर्व के बाद गोवर्धन पूजा समिति के तत्वावधान में 10 नवम्बर को नमोघाट पर गोवर्धन पूजा धूमधाम से सम्पन्न होगी। इस कार्यक्रम में बताैर मुख्य अतिथि मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव, विशिष्ट अतिथि उत्तर प्रदेश के खेल मंत्री गिरीशचंद्र यादव उपस्थित रहेंगे। इस दाैरान शिक्षा, खेल, चिकित्सा, व्यापार, समाजसेवा के साथ कई क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए 10 लोगों को गोवर्धन श्री सम्मान प्रदान किया जाएगा।

समिति के अध्यक्ष विनोद यादव गप्पू, महामंत्री जयप्रकाश यादव, उपाध्यक्ष अजय यादव अज्जू, विनोद यादव, अभय स्वाभिमानि, विनय यादव ने संयुक्त रूप से शनिवार काे पत्रकार वार्ता कर कार्यक्रम काे लेकर विस्तृत जानकारी दी है। पदाधिकारियों ने बताया कि प्रतिवर्ष की भांति इस साल भी गोवर्धन धाम में सुबह की आरती के पश्चात विधिवत हवन पूजन 11 बजे तक चलेगा। दोपहर 12 बजे चेतगंज हथुआ मार्केट के मुख्य गेट से एक विशाल शोभायात्रा निकलेगी, जिसका उद्घाटन परमवीर चक्र विजेता कैप्टन योगेंद्र यादव करेंगे। यह शोभायात्रा लहुराबीर, कबीरचौरा, मैदागिन, मछोदरी, प्रहलादघाट भैंसासुर होते हुए नमो घाट पहुंचकर सायं 5 बजे सभा में परिवर्तित हो जाएगी।

इस भव्य शोभायात्रा में श्री कृष्ण, शिव पार्वती, श्री राम से जुड़ी कई दूर दराज से आई आध्यात्मिक झाकिया अपना प्रदर्शन करेंगी। शोभायात्रा में आगे—आगे काशी वासियों के संग ग्वाल बालों की टोली, बनारसी लट्ठबाजी (पटा बनेठी) एवं झाकियों में केदारनाथ मन्दिर की झांकी आकर्षण का केन्द्र रहेगी। शाम पांच बजे से गोवर्धन धाम नमो घाट पर बने ओपेन थियेटर पर विशाल आध्यात्मिक सभा का शुभारंभ होगा।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी