home page

श्री मुरलीधर लालजी महाराज श्री के प्राकट्य दिवस पर गोपाल मंदिर से निकलेगी शोभायात्रा

 | 

—मंदिर में श्री गिरिराजजी का दुग्धाभिषेक, सायंकाल संध्या आरती दर्शन

वाराणसी, 30 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी के चौखंभा स्थित षष्ठपीठ श्रीगोपाल मंदिर के षष्ठपीठाधीश्वर 108 श्री मुरलीधर लालजी महाराजश्री के 122 वें प्राकट्य दिवस पर मंगलवार को भव्य शोभायात्रा निकलेगी। श्रीमुकुंद गोपाल सेवा संस्थान के बैनर तले सुखपाल पर मुरलीधर लाल महाराज का चित्र विराजमान कराया जाएगा। सुखपाल को वैष्णवजन कंधे पर उठाकर चलेंगे। सभी वैष्णवजन केशरिया दुपट्टा धारणकर शोभायात्रा में शामिल होंगे। मार्ग में महाराज श्री की छवि पर श्रद्धालु पुष्पवर्षा करेंगे।

मंदिर के पीठाधीश्वर के अनुसार प्रातः 8 बजे श्री मुकुन्दराय जी एवं श्री गोपाललालजी के मंगला दर्शन के पूर्व महाराजश्री की ‘‘शोभायात्रा’’ एवं श्री गिरिराजजी का दुग्धाभिषेक (श्री वल्लभ युवक परिषद के सौजन्य से) होगा। इसके बाद ग्वाल में पालना के मनोरथ, श्री मुरलीधर लालजी महाराजश्री के पादुका जी का केशर स्नान होगा। शोभायात्रा के बाद सायंकाल संध्या आरती दर्शन होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी