home page

वाराणसी : गोमती नदी में नहाते समय दो किशोर डूबे, एनडीआरएफ की टीम तलाश में जुटी

 | 
वाराणसी : गोमती नदी में नहाते समय दो किशोर डूबे, एनडीआरएफ की टीम तलाश में जुटी


वाराणसी, 03 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी जनपद के चोलापुर थाना क्षेत्र स्थित ककराघाट पर बुधवार सुबह गोमती नदी में नहाने गए छह किशोरों में से दो बच्चे नदी की गहराई में डूब गए। सूचना पर पहुंची पुलिस और रेस्क्यू टीमें नदी में डूबे किशोरों की तलाश में जुटे हुए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार गोलू, रईस, रेहान, अरमान, कल्लू समेत छह किशोर आज सुबह गोमती नदी में स्नान करने पहुंचे थे। नहाने के दौरान कुछ किशोर अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। किशोरों के शोर मचाने पर आसपास मौजूद लोग तत्काल मौके पर पहुंचे और तीन किशोरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन दो बच्चे तेज धारा और गहराई में लापता हो गए।

हादसे में डूबने वाले बच्चों की पहचान अयान (10) पुत्र आरिफ निवासी लादूपुर थाना सारनाथ तथा जीशान (11) पुत्र यूनिस निवासी कौवापुर थाना चौबेपुर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों बच्चे अपने ननिहाल आए हुए थे और सुबह अन्य बच्चों के साथ नदी में नहाने गए थे।

घटना की सूचना मिलते ही दानगंज पुलिस चौकी, चोलापुर पुलिस तथा सारनाथ एसीपी मौके पर पहुंचे। प्रशासन ने तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू कराया। बच्चों की तलाश के लिए एनडीआरएफ की टीम, स्थानीय गोताखोरों और नाविकों को लगाया गया है। नदी में जाल डालकर तथा नावों की सहायता से सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी