home page

कपड़े की गोदाम में लगी भीषण आग, दमकल ने फंसे 11 लोगों को बचाया

 | 
कपड़े की गोदाम में लगी भीषण आग, दमकल ने फंसे 11 लोगों को बचाया


—छत से सीढ़ी लगाकर बाहर निकाले गए लोग

वाराणसी, 15 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी जनपद के राजातालाब क्षेत्र के जक्खिनी रोड स्थित एक कपड़ा गोदाम में गुरुवार दोपहर भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग विद्युत शॉर्ट सर्किट के कारण लगी, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया।

आग की चपेट में गोदाम में रखा लाखों रुपये मूल्य का कपड़ा और अन्य सामान जलकर राख हो गया। साथ ही, गोदाम से सटे एक कोल्ड ड्रिंक भंडारण स्थल को भी भारी नुकसान पहुंचा, जहां बड़ी मात्रा में रखे पेय पदार्थ नष्ट हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। राहत एवं बचाव कार्य के दौरान गोदाम में फंसे 11 लोगों को छत के रास्ते सीढ़ी लगाकर सुरक्षित बाहर निकाला गया।

दमकल कर्मियों ने करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद चार फायर टेंडरों की मदद से आग पर काबू पाया। भवन स्वामी मनोज गुप्ता उर्फ मोहन ने मीडिया कर्मियों को बताया कि आग शॉर्ट सर्किट से लगी, जिससे भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है, हालांकि प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट को ही घटना की मुख्य वजह माना जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी