वाराणसी : बिजली विभाग का कर्मचारी 30 हजार रूपये रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा गया
वाराणसी, 08 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में वाराणसी जनपद के मंडुवाडीह मड़ौली स्थित बिजली विभाग के नगरीय विद्युत वितरण खंड सप्तम कार्यालय में शुक्रवार शाम एंटी करप्शन टीम ने लिपिक सौरभ जैन को 30 हजार रूपये रिश्वत लेते रंगे हाथ दबोच लिया।
टीम ने आरोपित कर्मचारी के खिलाफ थाना लालपुर-पांडेयपुर में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस आगे की विधिक कार्रवाही में जुट गई। यह कार्रवाई जियापुरा, थाना चेतगंज निवासी काशिद शहरयार की लिखित शिकायत पर हुई। पीड़ित का आरोप है कि बुनकर बिजली कनेक्शन को स्थायी रूप से बंद करने के लिए कर्मचारी सौरभ 30 हजार रुपये रिश्वत मांग रहा था। इंस्पेक्टर एंटी करप्शन के अनुसार शिकायत मिलने के बाद पूरे योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाकर आरोपित कर्मचारी को रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ लिया।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

