home page

वाराणसी में गंगा और वरुणा एलिवेटेड कॉरिडोर के लिए एनएचएआई को मिलीं 32 बोलियां

 | 
वाराणसी में गंगा और वरुणा एलिवेटेड कॉरिडोर के लिए एनएचएआई को मिलीं 32 बोलियां


—गंगा और वरुणा नदी के किनारे प्रस्तावित 89.2 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड कॉरिडोर से शहर को जाम से मिलेगी मुक्ति

-राष्ट्रीय राजमार्गों और प्रमुख धार्मिक, सांस्कृतिक व परिवहन केंद्रों के बीच बेहतर होगी कनेक्टिविटी

वाराणसी, 27 नवम्बर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की धार्मिक नगरी वाराणसी में गंगा और वरुणा नदी के किनारे प्रस्तावित दो प्रमुख 89.2 किलोमीटर एलिवेटेड कॉरिडोर परियोजनाओं के निर्माण के लिए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) को निर्माण कंपनियों की ओर से उत्साहजनक प्रतिक्रिया मिली है। दोनों परियोजनाओं के चार पैकेजों के लिए कुल 32 बोलियां प्राप्त हुई हैं। इन परियोजनाओं का उद्देश्य वाराणसी शहर को यातायात जाम से राहत दिलाने के साथ प्रमुख धार्मिक, सांस्कृतिक और परिवहन केंद्रों तक आवागमन सुगम बनाना है। इन परियोजनाओं को जुलाई 2026 में आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति ने मंजूरी दी थी।

एनएचएआई के प्रवक्ता ने शुक्रवार काे बताया इन दोनों परियोजनाओं को दो-दो पैकेजों में पूरा किया जाएगा। वरुणा एलिवेटेड कॉरिडोर के पहले पैकेज के लिए आठ और दूसरे पैकेज के लिए सात बोलियां मिली हैं। वहीं, गंगा एलिवेटेड कॉरिडोर के पहले पैकेज के लिए आठ और दूसरे पैकेज के लिए नौ कंपनियों ने बोली लगाई है। इस तरह चारों पैकेजों के लिए कुल 32 बोलियां प्राप्त हुई हैं।

वरुणा एलिवेटेड कॉरिडोर से एनएच-31 और रिंग रोड के बीच बेहतर होगी कनेक्टिविटी

करीब 43.2 किलोमीटर लंबा वरुणा एलिवेटेड कॉरिडोर एनएच-31 को वाराणसी रिंग रोड से जोड़ेगा। इसका निर्माण वरुणा नदी के किनारे किया जाएगा। हाइब्रिड एन्युटी मॉडल (एचएएम) के तहत बनने वाली इस परियोजना पर 10,998.32 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसमें मुख्य रूप से छह और चार लेन का एलिवेटेड कॉरिडोर बनाया जाएगा। इसके अलावा फ्लाईओवर, लूप, रैंप और सर्विस रोड का निर्माण भी शामिल है। यह परियोजना वाराणसी की यातायात जाम की समस्या दूर करने की व्यापक योजना का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

कॉरिडोर के बनने से एनएच-31 और काशी रेलवे स्टेशन के बीच सीधी और सुगम कनेक्टिविटी मिलेगी। इसके साथ ही वाराणसी रिंग रोड, लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे, काशी रेलवे स्टेशन, वाराणसी सिटी रेलवे स्टेशन, वाराणसी जंक्शन, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, रामनगर बंदरगाह, संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय, वाराणसी के घाटों और चंदौली क्षेत्र तक पहुंच आसान होगी। इस कॉरिडोर को 80 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की परिचालन गति के अनुसार तैयार किया जाएगा। इसके बनने से एनएच-31 से काशी रेलवे स्टेशन तक पहुंचने में लगने वाला समय करीब 40 मिनट से घटकर 20 मिनट रह जाएगा। यानी यात्रा के समय में लगभग 50 प्रतिशत की कमी आएगी। इससे शहर की सड़कों पर यातायात का दबाव कम होगा और सड़क सुरक्षा के साथ माल एवं यात्री परिवहन की गति में सुधार होगा।

यह परियोजना प्रधानमंत्री गति शक्ति राष्ट्रीय मास्टर प्लान के अनुरूप क्षेत्रीय संपर्क को भी मजबूत करेगी। इससे चंदौली के सामाजिक-आर्थिक क्षेत्र सहित एक आर्थिक केंद्र, एक सामाजिक केंद्र और छह प्रमुख लॉजिस्टिक्स केंद्रों तक पहुंच बेहतर होगी।

गंगा एलिवेटेड कॉरिडोर से धार्मिक और पर्यटन स्थलों तक पहुंच होगी आसान

करीब 46 किलोमीटर लंबा छह लेन का गंगा एलिवेटेड कॉरिडोर एनएच-19 को वाराणसी रिंग रोड से जोड़ेगा। गंगा नदी के किनारे बनने वाली इस परियोजना पर 14,447.64 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसका निर्माण भी हाइब्रिड एन्युटी मॉडल के तहत दो पैकेजों में किया जाएगा। परियोजना में छह लेन का एलिवेटेड मुख्य मार्ग, 910 मीटर लंबा केबल आधारित पुल और 1.32 किलोमीटर लंबा एक्स्ट्राडोज्ड फुट ओवरब्रिज सह प्रमुख पुल बनाया जाएगा। इसके अलावा लूप, रैंप, संपर्क मार्ग और सर्विस रोड भी विकसित किए जाएंगे।

इस कॉरिडोर का उद्देश्य वाराणसी और चंदौली के सड़क नेटवर्क पर यातायात का दबाव कम करना है। इसके जरिए एनएच-19, वाराणसी रिंग रोड (एनएच-135बी), रामनगर, काशी हिंदू विश्वविद्यालय और शहर के अन्य प्रमुख क्षेत्रों के बीच तेज और निर्बाध आवागमन संभव होगा। इस कॉरिडोर को भी 80 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की परिचालन गति के अनुसार विकसित किया जाएगा। इसके बनने से यात्रा का औसत समय करीब 60 मिनट से घटकर 20 मिनट रह जाएगा। वहीं, एनएच-19 से काशी रेलवे स्टेशन तक पहुंचने में लगने वाला समय लगभग 50 मिनट से घटकर 25 मिनट हो जाएगा।

परियोजना से प्रमुख राजमार्गों, रेलवे स्टेशनों, लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे और रामनगर स्थित भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण (आईडब्ल्यूएआई) के बंदरगाह तक बेहतर संपर्क मिलेगा। इसके साथ ही काशी विश्वनाथ मंदिर, काशी हिंदू विश्वविद्यालय, नमो घाट, रामनगर किला और वाराणसी के अन्य प्रमुख घाटों तक पहुंच आसान होगी। इससे धार्मिक पर्यटन और तीर्थयात्रा को बढ़ावा मिलने के साथ माल परिवहन की दक्षता, सड़क सुरक्षा और क्षेत्रीय आर्थिक गतिविधियों में भी सुधार होगा।

यातायात के साथ पर्यटन और अर्थव्यवस्था को भी मिलेगा बढ़ावा

एनएचएआई के अनुसार, गंगा और वरुणा एलिवेटेड कॉरिडोर परियोजनाएं वाराणसी में बढ़ती यातायात जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार की गई हैं। इनके बनने से राष्ट्रीय राजमार्गों, रिंग रोड और शहर के प्रमुख स्थानों के बीच बेहतर संपर्क स्थापित होगा। इससे शहर के अंदर यातायात का दबाव कम करने, स्थानीय और बाहरी वाहनों की आवाजाही सुगम बनाने तथा आम नागरिकों, यात्रियों और श्रद्धालुओं को राहत मिलने की उम्मीद है।-----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी