वाराणसी के गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं को मिलेगी मुफ्त वाई-फाई की सुविधा
-महापौर ने अस्सी घाट से किया शुभारंभ, प्रथम चरण में अस्सी और दशाश्वमेध घाट चयनित
वाराणसी, 11 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक नगरी वाराणसी (काशी) के गंगाघाटों पर भ्रमण के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को मुफ्त वाई-फाई की सुविधा मिलेगी। शनिवार को महापौर अशोक तिवारी ने अस्सीघाट पर आयोजित समारोह में इसकी शुरूआत की।
घाट पर नि:शुल्क वाई-फाई सेवा का विधिवत लोकार्पण कर महापौर ने कहा कि प्रथम चरण में इस परियोजना के तहत अस्सी और दशाश्वमेध घाट को हाई-स्पीड इंटरनेट सुविधा से जोड़ दिया गया है। उन्होंने बताया कि यह सुविधा शहर को आधुनिक स्मार्ट सिटी बनाने के संकल्प का हिस्सा है। इस मुफ्त वाई-फाई सेवा का आगाज़ अस्सी घाट से किया जा रहा है, जिसका लाभ दशाश्वमेध घाट पर भी मिलेगा।
वर्तमान समय में इंटरनेट एक बुनियादी आवश्यकता है। घाटों पर आने वाले युवाओं, शोधार्थियों और पर्यटकों को अब कनेक्टिविटी के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा। यह डिजिटल पहल सूचनाओं के आदान-प्रदान को सुगम बनाने के साथ ही नगर निगम की सेवाओं को भी जनता के करीब ले जाएगी।
महापौर ने कहा कि घाटों पर फ्री वाई-फाई जोन के बोर्ड लगाए गए हैं। नागरिक वहां दिए गए क्यूआर कोड को स्कैन कर आसानी से इंटरनेट सेवा का लाभ ले सकते हैं। उपसभापति नरसिंह दास के अनुसार, वर्तमान समय पूरी तरह से डिजिटल क्रांति का है, जो हमारे जीवन के हर पहलू को प्रभावित कर रहा है। मुफ्त वाई-फाई की सुविधा का उद्देश्य आम नागरिकों को डिजिटल तकनीक में सशक्त बनाना है।
——क्यूआर कोड से मिलेगी सुविधा
बीएसएनएल के प्रधान महाप्रबंधक अनिल कुमार गुप्ता ने बताया कि नेटवर्क की गति और रेंज का विशेष ध्यान रखा गया है, ताकि भीड़ वाले समय में भी सुचारू कनेक्टिविटी बनी रहे। इस अवसर पर पार्षद राजेश कुमार यादव चल्लू, पार्षद विजय द्विवेदी, अमित सिंह, रविंद्र कुमार सिंह, माधुरी सिंह आदि भी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

