home page

वरुणा नदी के तटवर्ती क्षेत्रों में सीवर बैक-फ्लो रोकने के लिए अब बनेगी फ्लड पिलर

 | 
वरुणा नदी के तटवर्ती क्षेत्रों में सीवर बैक-फ्लो रोकने के लिए अब बनेगी फ्लड पिलर


तेलियाबाग की तर्ज पर बीएचयू और लंका में जलजमाव का स्थायी समाधान के लिए बन रही कार्ययोजना

वाराणसी, 02 सितम्बर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी में जीवनदायिनी गंगा की सहायक नदी वरूणा के तटवर्ती इलाकों में बाढ़ के पानी के साथ सीवर के बैक-फ्लो को लेकर नगर निगम प्रशासन 'फ्लड पिलर' बनाने की तैयारी में है। वरूणा के तटवर्ती क्षेत्र के अलावा शहर में हो रही लगातार बारिश के कारण तैरते कचरे (फ्लोटिंग मैटेरियल) से गली पिट जाम होने को लेकर महापौर अशोक तिवारी ने कड़ा रूख अपनाया है। बुधवार को लगातार हो रही बारिश से गली पिट जाम होने पर हुए जलजमाव को लेकर महापौर ने सिगरा स्थित स्मार्ट सिटी सभागार में अफसरों के साथ बैठक की। बैठक में मौजूद स्वास्थ्य, सामान्य और जलकल विभाग के अफसरों को आपस में बेहतर समन्वय बनाकर कार्य करने और गली पिट की नियमित सफाई का निर्देश दिया गया।

महापौर ने नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल को निर्देश दिया कि बाढ़ और बारिश से उत्पन्न जलजमाव की शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए एक अलग कंट्रोल रूम स्थापित किया जाए, ताकि समस्याओं का निस्तारण 24 घंटे के भीतर हो सके। बैठक में सभी जोनल अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमण करने और जलभराव पर पैनी नजर रखने के निर्देश दिए गए।

——जलभराव से निपटने के लिए शहर में 85 पंप तैनात

बैठक में मुख्य अभियंता सुरेश चंद्र ने बताया कि निचले इलाकों से पानी निकालने के लिए 85 पंप लगाए गए हैं। इस पर महापौर ने निर्देश दिया कि ये पंप रोजाना कितने घंटे चल रहे हैं, इसकी सख्त मॉनिटरिंग की जाए। इसके साथ ही जलभराव वाले क्षेत्रों में मच्छरों के पनपने से रोकने के लिए एंटी लार्वा का छिड़काव कराने का आदेश भी दिया गया। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बताया कि बीएचयू अस्पताल में हाल ही में हुए जलभराव पर नगर निगम की नजर है। इसके लिए बीएचयू प्रशासन के साथ मिलकर 'स्टॉर्म वॉटर' योजना बनाई जा रही है और सीएंडडीएस से प्रस्तावित नाले की ड्राइंग-डिजाइन मांगी गई है। महापौर ने कहा कि जिस प्रकार तेलियाबाग मार्ग पर जलजमाव का स्थायी समाधान निकाला गया, उसी तर्ज पर बीएचयू और लंका गेट क्षेत्र की समस्या को दूर किया जाए। बैठक में अपर नगर आयुक्त दुर्गेश मिश्रा, सीमा पांडेय, विनोद कुमार गुप्ता, जोनल अधिकारी जितेंद्र आनंद, इंद्र विजय आदि भी मौजूद रहे।

—त्रिनेत्र भवन से सीसीटीवी कैमरों से शहर की स्थिति देखी

समीक्षा बैठक के बाद महापौर ने स्मार्ट सिटी स्थित त्रिनेत्र भवन में लगे सीसीटीवी कैमरों की लाइव फीड के माध्यम से पूरे शहर में जलजमाव की स्थिति का जायजा लिया। दो दिन बाद शहर लौटे महापौर अशोक कुमार तिवारी ने नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल के साथ चितईपुर, सामनेघाट, नगवां वार्ड और अस्सी क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया और जलनिकासी के कार्यों को तत्परता से पूरा करने के निर्देश दिए।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी