home page

शिक्षाविद् पं. उमाकांत मिश्र का निधन, शिष्यों और शुभचिंतकों में शोक

 | 


वाराणसी, 14 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद वाराणसी में नगर के वरिष्ठ शिक्षाविद्, अर्थशास्त्री एवं प्रवक्ता पंडित उमाकांत मिश्र (87) का शुक्रवार तड़के निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही शिष्यों, शुभचिंतकों और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों में शोक की लहर दौड़ गई। बड़ी संख्या में लोग नाटीइमली स्थित उनके आवास पर पहुंचे और शोक संवेदना व्यक्त की।

पं. उमाकांत मिश्र की अंतिम यात्रा शुक्रवार को नाटीइमली स्थित आवास से मणिकर्णिका घाट के लिए निकली। अंतिम यात्रा में उनके शिष्यों, शुभचिंतकों और परिचितों की बड़ी संख्या में सहभागिता रही। मणिकर्णिका घाट पर विधि-विधान से उनका अंतिम संस्कार किया गया। नाती आशीष उपाध्याय ने मुखाग्नि दी।

पं. उमाकांत मिश्र का जन्म वर्ष 1939 में गाजीपुर जनपद के औड़िहार क्षेत्र के भदैला (मठिया) गांव में हुआ था। शिक्षा पूरी करने के बाद उन्होंने गाजीपुर के इंटर कॉलेज सुहवल में अर्थशास्त्र के प्रवक्ता के रूप में लंबे समय तक सेवाएं दीं। सेवानिवृत्ति के बाद वह वाराणसी के नाटीइमली क्षेत्र में परिवार के साथ रह रहे थे।

सामाजिक, शैक्षणिक और आर्थिक विषयों में उनकी विशेष रुचि थी। शिक्षक संघ में उन्होंने विभिन्न महत्वपूर्ण पदों की जिम्मेदारी संभाली और शिक्षक हितों से जुड़े मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभाई। गाजीपुर में अपने शुरुआती सामाजिक जीवन के दौरान वह राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) और जनसंघ से भी जुड़े रहे। विभिन्न सामाजिक एवं सार्वजनिक आयोजनों में उनकी सक्रिय भागीदारी रहती थी। उनकी पत्नी सुशीला मिश्रा भी महाराजा अग्रसेन इंटर कॉलेज में संस्कृत की प्रवक्ता पद से सेवानिवृत्त हैं।

पं. उमाकांत मिश्र के निधन पर राज्यमंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’, सपा नेता एवं पूर्व मंत्री मनोज राय धूपचंडी, सामाजिक कार्यकर्ता सतीश अंजान, सपा पार्षद प्रमोद राय, कैलाश नाथ मिश्र, आनंद मिश्र, सुरेंद्र मोहन त्रिपाठी, वरिष्ठ अधिवक्ता धीरेन्द्र नाथ शर्मा, देवकांत वर्मा, अंजना शर्मा, सभासद विजय द्विवेदी, त्रिलोकी नाथ मिश्र, सपा नेता ज्ञानेन्द्र मिश्र ‘मिंटू’, बसंत मिश्र, आनंद उपाध्याय, विधु भूषण मिश्र, डॉ. श्वेतांक मिश्र, आशीष उपाध्याय, डॉ. सुनील पांडे, अभिषेक पांडे, रोहित मिश्र, सचिन उपाध्याय और मनीष सहित अनेक लोगों ने शोक संवेदना व्यक्त की।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी