home page

वाराणसी: कैंट रोप-वे स्टेशन के आर्ट वर्क व फिनिशिंग के कार्यों का जिलाधिकारी ने लिया जायजा

 | 
वाराणसी: कैंट रोप-वे स्टेशन के आर्ट वर्क व फिनिशिंग के कार्यों का जिलाधिकारी ने लिया जायजा


—बाबतपुर एयरपोर्ट के विस्तार एवं टर्मिनल भवन कार्य के डिज़ाइन पैरामीटर्स के कार्यो की ली जानकारी

वाराणसी, 09 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में वाराणसी जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने रविवार को कैंट रोपवे स्टेशन का औचक निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने स्टेशन पर बन रहे फुट ओवरब्रिज के साथ ही रोपवे स्टेशन के आर्ट वर्क और फिनिशिंग कार्यों का भी बारीकी से निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को रोपवे परियोजना से जुड़े शेष कार्यों को युद्धस्तर पर अभियान चलाकर शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने रोपवे अधिकारियों से स्टेशन पर चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने विशेष रूप से आर्ट वर्क, फिनिशिंग और फुट ओवरब्रिज के निर्माण की स्थिति देखी तथा कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि रोपवे परियोजना से जुड़े सभी लंबित कार्यों में आवश्यकतानुसार श्रमिकों और संसाधनों की संख्या बढ़ाकर निर्धारित समयसीमा में कार्य पूरा कराया जाए।

—अन्य रोपवे स्टेशनों के लंबित कार्य भी जल्द पूरे हों

कैंट रोपवे स्टेशन के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अन्य सभी रोपवे स्टेशनों पर शेष कार्यों को भी प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाए। उन्होंने कार्यों में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी न होने देने और निर्माण की गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता न करने को कहा।

—डीडीयू अस्पताल में 198 बेडेड एक्सटेंशन का निरीक्षण

रोपवे स्टेशन के निरीक्षण से पूर्व जिलाधिकारी ने पं. दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल एवं निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल में निर्माणाधीन 198 बेडेड एक्सटेंशन का कार्य हर हाल में अगले वर्ष अप्रैल तक पूरा कराने के निर्देश दिए। इसके लिए कर्मियों की संख्या बढ़ाने के साथ ही निर्माण कार्य की गुणवत्ता उच्च स्तर की बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।

उन्होंने निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज में फैकल्टी एवं सपोर्ट स्टाफ के आवास की व्यवस्था कैंपस में किए जाने के लिए शासन को प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए। साथ ही 100 आईसीयू के निर्माण की प्रगति की जानकारी मुख्य चिकित्सा अधिकारी से ली। अधिकारियों ने बताया कि एनएचएम की फंडिंग से आईसीयू का निर्माण कराया जाएगा और इसका ले-आउट कार्य पूरा हो चुका है। जिलाधिकारी ने आईसीयू निर्माण में भी तेजी लाने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मुकेश कुमार, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एसपी मिश्रा, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. प्रेम प्रकाश सहित निर्माण इकाई से जुड़े अधिकारी मौजूद रहे।

—एयरपोर्ट विस्तार के लिए अंडरपास निर्माण की भी जांच

इसके बाद जिलाधिकारी ने लाल बहादुर शास्त्री अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर रनवे के प्रस्तावित विस्तार के लिए एनएच-56 पर निर्माणाधीन अंडरपास का निरीक्षण किया। उन्होंने एनएचएआई अधिकारियों से परियोजना की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली तथा मौके पर डिजाइन पैरामीटर्स, कंस्ट्रक्शन सीक्वेंस और आगामी कार्यों के लक्ष्य पर चर्चा की। उन्होंने अंडरपास निर्माण की प्रगति का स्थलीय निरीक्षण करते हुए शेष मकानों की शिफ्टिंग की प्रक्रिया भी जल्द पूरी कराने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को सभी निर्माण कार्यों में गति लाते हुए निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कार्य पूरा कराने पर जोर दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी