home page

डायट के सेंटर ऑफ़ एक्सीलेंस के निर्माणाधीन कार्यो का जिलाधिकारी ने लिया जायजा

 | 
डायट के सेंटर ऑफ़ एक्सीलेंस के निर्माणाधीन कार्यो का जिलाधिकारी ने लिया जायजा


——निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश, गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं

——बालिका छात्रावास , रेन वॉटर हार्वेस्टिंग, इंटरलॉकिंग, सोलर पॉवर जेनरेटर, सीसीटीवी तथा वॉलीबॉल कोर्ट जैसे शेष कार्यों को शीघ्र पूरा कराने के निर्देश

वाराणसी, 19 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने रविवार को जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) परिसर का निरीक्षण कर निर्माणाधीन विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने निर्माणाधीन 100 सीटों वाले बालक छात्रावास, डायट सेंटर ऑफ़ एक्सीलेंस परियोजना, मल्टीपरपज ट्रेनिंग हॉल/ऑडिटोरियम, बालिका छात्रावास के मरम्मत कार्य तथा कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय की कंप्यूटर लैब के निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया।

—निर्माण कार्यों की प्रगति की ली जानकारी

निरीक्षण के दौरान कार्यदायी संस्था के अभियंताओं ने बताया कि सेंटर ऑफ़ एक्सीलेंस परियोजना के तहत एकेडमिक ब्लॉक (जी+2) में भूतल पर पुट्टी, प्रथम तल पर टाइल्स बिछाने तथा द्वितीय तल एवं बाहरी हिस्से में प्लास्टर का कार्य जारी है। इसके अलावा आवासीय भवनों और कबीर हॉल की मरम्मत भी प्रगति पर है। वहीं, बाउंड्री वॉल, समर्सिबल, सॉकपिट और सेप्टिक टैंक का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। सेमिनार हॉल का स्ट्रक्चर और पुट्टी का कार्य भी पूर्ण कर लिया गया है।

—शेष कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश

जिलाधिकारी ने बालिका छात्रावास (जी+2), रेन वॉटर हार्वेस्टिंग, इंटरलॉकिंग, सोलर पावर जनरेटर, सीसीटीवी सिस्टम तथा वॉलीबॉल कोर्ट जैसे शेष कार्यों को निर्धारित समयसीमा में शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित मानकों और गुणवत्ता के अनुरूप ही पूरे किए जाएं।

—परिसर के सुंदरीकरण पर भी रहेगा विशेष जोर

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने डायट परिसर के समग्र विकास और सुंदरीकरण की योजना तैयार करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने ग्रीन लैंड डेवलपमेंट, पार्क निर्माण, मुख्य द्वार से कस्तूरबा विद्यालय तक सीसी रोड, नया मुख्य प्रवेश द्वार, खेल मैदान का विकास तथा अन्य आवश्यक छोटे निर्माण कार्यों के लिए शीघ्र विस्तृत प्राक्कलन (एस्टीमेट) तैयार करने को कहा।

—गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश

जिलाधिकारी ने बालिका छात्रावास के मरम्मत कार्य एवं मल्टीपरपज ट्रेनिंग हॉल/ऑडिटोरियम के निर्माण की गुणवत्ता का भी निरीक्षण किया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि शेष सभी कार्य उच्च गुणवत्ता और तय मानकों के अनुरूप समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराए जाएं, ताकि डायट को एक आधुनिक सेंटर ऑफ़ एक्सीलेंस के रूप में विकसित किया जा सके। निरीक्षण के दौरान डायट के प्रधानाचार्य, यूपी सी एंड डी एस तथा उत्तर प्रदेश राज्य निर्माण एवं श्रम विकास संघ लिमिटेड के अधिकारी एवं अभियंता भी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी