home page

देव दीपावली पर्व: मां गंगा की गोद से झिलमिलाई आस्था, लाखों दीपों से जगमगाए अर्धचंद्राकार गंगा घाट

 | 
देव दीपावली पर्व: मां गंगा की गोद से झिलमिलाई आस्था, लाखों दीपों से जगमगाए अर्धचंद्राकार गंगा घाट


देव दीपावली पर्व: मां गंगा की गोद से झिलमिलाई आस्था, लाखों दीपों से जगमगाए अर्धचंद्राकार गंगा घाट


देव दीपावली पर्व: मां गंगा की गोद से झिलमिलाई आस्था, लाखों दीपों से जगमगाए अर्धचंद्राकार गंगा घाट


देव दीपावली पर्व: मां गंगा की गोद से झिलमिलाई आस्था, लाखों दीपों से जगमगाए अर्धचंद्राकार गंगा घाट


- प्रदेश के पर्यटन मंत्री सहित 15 लाख से अधिक लोग इस अद्भुत पल का साक्षी बने

- गंगा की महाआरती पूरी भव्यता के साथ कारगिल के शहीद जवानों को समर्पित, दशाश्वमेघघाट पर अमर जवान ज्योति के अनुकृति के समक्ष रिथलेईंग, 2100 ड्रोन शो ने बढ़ाई भव्यता

वाराणसी,24 नवंबर (हि.स.)। देव दीपावली पर्व पर मंगलवार शाम उत्तर प्रदेश की धार्मिक नगरी काशी (वाराणसी) में उत्तरवाहिनी गंगा के पथरीले अर्धचंद्राकार घाटों पर 11 लाख से अधिक दीपों की रोशनी, 2100 ड्रोन शो की जगमग, थ्रीडी प्रोजेक्शन और ग्रीन आतिशबाजी की इंद्रधनुषी छटा से गंगा किनारा दैवीय आभा से दमक उठा। घाटों पर लोगों को जमी पर चांद सितारे उतरने का एहसास हो रहा था। प्रदेश के पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह सहित अन्य विशिष्ट जन भी इस अद्भुत पल का साक्षी बने।

नमोघाट से लेकर सामने घाट के बीच उत्तरवाहिनी गंगा के दोनों तटों पर फैले लगभग 88 पक्के घाटों पर और गंगा उस पार रेती में 11 लाख से अधिक जलते दीयों की लड़ियां और अठखेलियां, चेतसिंह किलाघाट पर लेजर शो की अद्भभुत छटा निहारने के लिए 15 लाख से अधिक देशी विदेशी पर्यटक और स्थानीय नागरिक घाटों पर जमे रहे। इस दौरान लोग घाटों पर ग्रीन आतिशबाजी के साथ,लेजर शो देख आह्लादित दिखे। पर्व पर गंगा घाटों के किनारे स्थित भवनों के आर्कषक विद्युत झालरों,फूलों से सजावट भी देखते बन रही थी। गंगा के प्राचीन दशाश्वमेध, दशाश्वमेध, राजेन्द्र प्रसाद घाट, पंचगंगा, नमोघाट और अस्सी घाट पर सर्वाधिक भीड़ देखी गयी। जहां दशाश्वमेध घाट पर कारगिल युद्ध के शहीदों को समर्पित देव दीपावली महोत्सव में गंगा की महाआरती में हजारों दीपों की अद्भुत नजारा दिखा। वहीं, 20 फीट ऊँची भव्य अमर जवान ज्योति की अनुकृति श्रद्धालुओं के लिए देश भक्ति की प्रेरणा दे रही थी।

गंगा सेवा निधि की तरफ से शहीद जवानों के बलिदान को नमन करने के लिए अमर जवान ज्योति की अनुकृति पर रिथलेईंग(श्रद्धांजलि) दी गयी। 39 जी.टी.सी. बैंड की धुन पर गोरखा जवानों ने लास्टपोस्ट व गार्ड ऑफ आनर दिया।

गंगा सेवा निधि के अध्यक्ष सुशांत मिश्र ने बताया कि गंगा की महाआरती के लिए घाट को 21 कुंतल फूल-मालाओं और 51 हजार दीपों से सजाया गया। इस अवसर पर 21 अर्चक और 42 देव कन्याएं रिद्धि-सिद्धि के स्वरूप में मां गंगा की महाआरती में शामिल रही। शंखनाद और डमरुओं की गूंज से पूरे घाट पर आध्यात्मिक छटा बिखरी रही

इसी के साथ सम्पूर्ण कार्तिक मास आकाश दीप प्रज्जवलन के कार्यक्रम का भी समापन हुआ। इसी क्रम में प्राचीन दशाश्वमेध घाट पर गंगोत्री सेवा समिति के अगुवाई में शाम ढलते ही वैदिक मंत्रोच्चार के बाद मां गंगा की 108 किग्रा की अष्टधातु की प्रतिमा की 151 लीटर दूध से दुग्धाभिषेक कर वैदिक ब्राम्हणों ने गंगा की महाआरती की। इस दौरान घाट पर सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन हुआ। इसके पूर्व दुनिया के सबसे बड़े जलपर्व के खास लम्हों के साक्षी बनने दोपहर बाद से ही नागरिक और पर्यटकों का रेला गंगाघाटों पर उमड़ पड़ा।

दशाश्वमेध घाट पर सतरंगी विद्युत लड़िया, आतिशबाजी, फूलों के वन्दनवार से सजे गेट, रेड कारपेट पर गंगा आरती देख लाखों श्रद्धालु अभिभूत नजर आये। पर्व पर गंगा के दोनों किनारों पर लगभग 11 लाख से अधिक दीये जलाने से महसूस हो रहा था कि जैसे गंगा तट पर सितारे टांक दिये गये हो,गंगा के गले में ज्योति मालाओं की लड़ियां देख कार्तिक पूर्णिमा का चांद भी भूतभावन की प्रेयसी गंगा का स्वरूप देख नतमस्तक नजर आया। यह अलौकिक, अद्भुत नजारा देख पर्यटकों के साथ नागरिक और वीवीआईपी अतिथि भी कैमरे और सेलफोन से फोटो लेने में जुटे रहे। पर्व पर पंचनद तीर्थ पंचगंगा घाट के 'हजारा दीप स्तंभ भी लोगों में आकर्षण का केन्द्र बना रहा। धर्म-अध्यात्म और राष्ट्रीय भावना से ओतप्रोत इस पर्व पर स्थानीय नागरिकों के चलते किसी घाट पर तिल रखने की भी जगह नहीं थी। लोगों ने दोपहर से ही घाटों पर बैठकर घंटों इस ऐतिहासिक क्षण की प्रतीक्षा की। हजारों लोगों ने गंगा में नाव और बजड़े पर बैठ कर इस अद्भुत दृश्य को देखा।

प्रदेश के पर्यटनमंत्री जयवीर सिंह ने देव दीपावली पर्व का दीप प्रज्जवलित कर किया शुभांरभ

प्रदेश के पर्यटनमंत्री जयवीर सिंह ने नमोघाट पर देव दीपावली पर्व का उद्घाटन दीप जलाकर किया। इसके बाद गंगा के किनारे लगभग आठ किलोमीटर के दायरे में दोनों किनारे एक-एक करके दीपक जगमग हो उठे। सदानीरा के अर्द्धचंद्राकार घाटों पर चंद्रहार की तरह दीये और मकानों पर रंग बिरंगी विद्युत झालर झिलमिलाने लगी। देशी विदेशी लाखों पर्यटकों के साथ स्थानीय नागरिक भी इस अलौकिक नजारे को बस देखते ही रह गए। ग्रीन आतिशबाजी के साथ शंखनाद के स्वरों और घंटे-घड़ियालों की घनघनाहट के बीच गंगा के किनारे जमीं पर सितारे उतरने का नजारा दिखाने के लिए पर्यटन मंत्री का बजड़ा (विशेष नौका) भी धीमी गति से आगे बढ़ता रहा। जल पर्व पर लोगों को गंगा की लहरों पर सतरंगी इंद्रधनुष और घाटों पर देवलोक का अनुभव महसूस हो रहा था। लोगों के जुबान पर अद्भुत, अलौकिक और दिव्य शब्द ही आ रहा था। महादेव को समर्पित इस विशिष्ट आयोजन में श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के अलावा तिलभांडेश्वर महादेव, सारंगनाथ महादेव, बीएचयू स्थित विश्वनाथ मंदिर और दुर्गाकुंड स्थित दुर्गा मंदिर,कैथी चौबेपुर स्थित मारकंडेय महादेव में भी शाम होते ही असंख्य दीपों की लड़ियों ने समा बांध दिया।

2100 स्वदेशी ड्रोन शो में शिव तांडव, लेजर शो आकर्षण

देव दीपावली पर्व पर गंगा पार का रेतीला क्षेत्र भारतीय संस्कृति और आधुनिक तकनीक के संगम का साक्षी बना। चेत सिंह घाट पर शाम 7:20 से 7:45 बजे तक 25 मिनट का थ्री-डी प्रोजेक्शन मैपिंग और लेजर शो लोगों को अपनी ओर आकर्षित करता रहा। वहीं, 2100 स्वदेशी ड्रोन के माध्यम से होने वाला शो विशेष आकर्षण का केन्द्र रहा। इसमें भगवान शिव, महेश्वर सूत्र, संगीतमय शिव तांडव और मां गंगा के अवतरण से जुड़े दृश्य आसमान में जीवंत हुए। गंगा पार के रेतीले क्षेत्र में शाम 08 से 8:10 बजे तक 10 मिनट का यह आयोजन किया गया। इसके बाद ललिता घाट के सामने गंगा पार रेत पर रात 8:30 से 8:40 बजे तक हरित आतिशबाजी का शानदार प्रदर्शन किया गया। भगवान शिव के भजनों की धुन पर पर्यावरण अनुकूल आतिशबाजी और आसमान में उभरते रंग-बिरंगे दृश्य लाखों दर्शकों को खूब भाते रहे।

काशी विश्वनाथ धाम में भव्य पुष्प सज्जा और दीपोत्सव

देव दीपावली के अवसर पर श्रीकाशी विश्वनाथ धाम को सुगंधित फूलों और रंग-बिरंगी विद्युत झालरों से सजाया गया। धाम के विभिन्न स्थलों पर आकर्षक पुष्प रंगोलियां बनाई गई और सायंकाल दीप प्रज्ज्वलित कर दीपोत्सव मनाया गया। ललिता घाट पर भी दीपदान के आयोजन में श्रद्धालुओं ने बढ़चढ़ कर भाग लिया। बाबा श्री काशी विश्वनाथ के दरबार में दीपों की रोशनी और पुष्पों की सजावट भक्तों को विशेष आध्यात्मिक अनुभूति करा रही थी।

काशी की विभूतियों की स्मृति में पुष्कर तालाब पर दीपदान

देव दीपावली पर मंगलवार शाम अस्सी भदैनी क्षेत्र के पुष्कर तालाब में काशी की महान विभूतियों की स्मृति में 2100 दीप प्रज्ज्वलित किए गए। इनमें भारतरत्न पं. मदन मोहन मालवीय, पद्मभूषण स्व. गिरिजा देवी, पर्यावरणविद् स्व. वीरभद्र मिश्र, पं. किशन महाराज, शहनाई सम्राट बिस्मिल्लाह खां, पंडित छन्नूलाल मिश्रा, स्व. पंडित जगन्नाथ त्रिपाठी, स्व. पंडित शारदा प्रसाद मिश्र, पंडित त्रिभुवन नाथ मिश्र और केंद्रीय देव दीपावली महासमिति के पूर्व अध्यक्ष स्व. वागीश दत्त मिश्र सहित अन्य विभूतियों को स्मरण किया गया। कार्यक्रम के संयोजक रामयश मिश्र ने बताया कि पुष्कर तालाब पर दीपदान के साथ भगवान ब्रह्मा और पुष्कर तालाब की वेदपाठी बटुकों द्वारा भव्य आरती भी की गई।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी