वाराणसी के कबीर नगर पार्क में दीप उत्सव मेले का भव्य शुभारंभ, दिव्यांग उद्यमियों को मिलेगा स्वावलंबन का मंच
वाराणसी, 06 नवम्बर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में वाराणसी के दुर्गाकुंड स्थित कबीर नगर पार्क में शुक्रवार को दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग एवं देव इंटरनेशनल सोसायटी के संयुक्त तत्वावधान में दीप उत्सव मेले का भव्य शुभारंभ हुआ।
भारतीय जनता पार्टी के काशी क्षेत्र अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने फीता काटकर मेले का उद्घाटन किया। मेले का उद्देश्य दिव्यांगजनों की प्रतिभा, हुनर और उद्यमिता को प्रोत्साहित करने के साथ उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के अवसर उपलब्ध कराना है।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए अशोक चौरसिया ने कहा कि दिव्यांगजन समाज की अभिन्न शक्ति हैं। उनकी प्रतिभा और क्षमताओं को उचित अवसर एवं मंच प्रदान करना सरकार और समाज दोनों की जिम्मेदारी है। ऐसे आयोजन दिव्यांगजनों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने, स्वरोजगार से जुड़ने और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने का अवसर देते हैं। उन्होंने कहा कि दीप उत्सव जैसे आयोजन सामाजिक समरसता, संवेदनशीलता और सकारात्मकता को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम में डॉ. उत्तम ओझा ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में दिव्यांगजनों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए दिव्यांगजनों की प्रतिभा, क्षमता और सहभागिता सुनिश्चित करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनों का वास्तविक सशक्तिकरण केवल पेंशन अथवा आर्थिक सहायता तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि उन्हें रोजगार, स्वरोजगार, उद्यमिता और आर्थिक आत्मनिर्भरता के पर्याप्त अवसर भी मिलने चाहिए।
डॉ. ओझा ने कहा कि दिव्यांगजनों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए सरकार और समाज को मिलकर प्रयास करना होगा। सरकार की जिम्मेदारी योजनाओं एवं संसाधनों के माध्यम से उन्हें अवसर उपलब्ध कराने की है, जबकि समाज को उनके हुनर और उत्पादों को प्रोत्साहित कर बाजार तक पहुंचाने में सहयोग करना चाहिए। उन्होंने कहा कि जब दिव्यांगजन आर्थिक रूप से मजबूत होंगे, तभी उनका सामाजिक सम्मान और वास्तविक सशक्तिकरण सुनिश्चित हो सकेगा।
उन्होंने दीप उत्सव मेले को केवल खरीदारी और उत्सव का आयोजन न बताते हुए इसे दिव्यांगजनों के हुनर, परिश्रम, आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता को पहचान दिलाने वाला महत्वपूर्ण मंच बताया। ऐसे आयोजनों से दिव्यांगजनों को अपनी प्रतिभा और उत्पादों के प्रदर्शन के साथ समाज की मुख्यधारा में सम्मानजनक भागीदारी का अवसर मिलता है।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. तुलसीदास ने किया। अंत में श्यामलाल पटेल ने अतिथियों एवं उपस्थित लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी राम प्रकाश सिंह, रजनी शर्मा, प्रमोद सिंह, इंद्र भूषण सिंह, राधा सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

