home page

डीसीपी गोमती जोन ने सुनी व्यापारियों की समस्याएं, समाधान के लिए साझा किए गये सुझाव

 | 
डीसीपी गोमती जोन ने सुनी व्यापारियों की समस्याएं, समाधान के लिए साझा किए गये सुझाव


वाराणसी, 18 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी में पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) गोमती जोन नीतू कादयान ने शनिवार को जोन के विभिन्न थाना क्षेत्रों के व्यापारियों के साथ बैठक कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान व्यापारिक गतिविधियों से जुड़ी चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा हुई और समाधान के लिए सुझाव भी साझा किए गए।

बैठक में उपस्थित व्यापारी संगठनों के प्रतिनिधियों ने सार्वजनिक स्थलों और हाईवे पर खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों की समस्या प्रमुखता से उठाई। उनका कहना था कि अंधेरे के कारण चोरी की घटनाओं में वृद्धि होने के साथ-साथ सड़क दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ जाता है। इस पर डीसीपी ने कहा कि भले ही यह विषय सीधे पुलिस विभाग के अधीन नहीं आता, लेकिन संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर जल्द ही एक संयुक्त बैठक आयोजित की जाएगी, ताकि समस्या का प्रभावी समाधान किया जा सके।

एक व्यापारी द्वारा सीसीटीवी कैमरा खराब होने की शिकायत पर डीसीपी ने तत्काल संबंधित थाना प्रभारी को निर्देश देते हुए शीघ्र समाधान सुनिश्चित कराने को कहा। वहीं, बढ़ते साइबर अपराधों को लेकर जताई गई चिंताओं पर उन्होंने जागरूकता को सबसे बड़ा बचाव बताया। उन्होंने कहा कि पुलिस द्वारा समय-समय पर साइबर सुरक्षा को लेकर अभियान चलाए जा रहे हैं और व्यापारियों को भी इसमें सक्रिय भागीदारी करनी चाहिए।

डीसीपी नीतू कादयान ने व्यापारियों से अपील की कि वे अपनी छोटी से छोटी समस्याएं भी पुलिस के साथ साझा करें, ताकि समय रहते उनका निस्तारण किया जा सके। साथ ही उन्होंने सभी व्यापारियों को अपने प्रतिष्ठानों पर अनिवार्य रूप से सीसीटीवी कैमरे लगाने और उनका रुख सार्वजनिक मार्ग की ओर रखने की सलाह दी, जिससे निगरानी व्यवस्था और मजबूत हो सके।

बैठक के समापन पर व्यापार संगठनों के प्रतिनिधियों ने डीसीपी को स्मृति चिन्ह भेंट कर एवं पारंपरिक साफा पहनाकर सम्मानित किया।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी