home page

बरेका सूर्य सरोवर में सात अश्वों के रथ पर विराजमान सूर्यदेव की भव्य प्रतिमा बनी छठ महापर्व का मुख्य आकर्षण

 | 
बरेका सूर्य सरोवर में सात अश्वों के रथ पर विराजमान सूर्यदेव की भव्य प्रतिमा बनी छठ महापर्व का मुख्य आकर्षण


बरेका सूर्य सरोवर में सात अश्वों के रथ पर विराजमान सूर्यदेव की भव्य प्रतिमा बनी छठ महापर्व का मुख्य आकर्षण


—हजारों श्रद्धालुओं ने अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर की सुख-समृद्धि और आरोग्य की कामना, भक्ति गीतों से गूंजा सूर्य सरोवर परिसर

वाराणसी, 15 नवंबर (हि.स.)। लोक आस्था, पवित्रता और सूर्योपासना के महापर्व छठ पूजा के अवसर पर रविवार को बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) स्थित सूर्य सरोवर परिसर में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। इस वर्ष छठ महापर्व के आयोजन में सात सफेद अश्वों से युक्त रथ पर विराजमान भगवान सूर्यदेव की भव्य एवं आकर्षक प्रतिमा श्रद्धालुओं के विशेष आकर्षण का केंद्र रही। आकर्षक साज-सज्जा के बीच स्थापित सूर्यदेव की दिव्य प्रतिमा ने पूरे आयोजन को विशिष्ट आध्यात्मिक स्वरूप प्रदान किया।

सूर्य सरोवर परिसर में हजारों की संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने पारंपरिक रीति-रिवाज और पूरे विधि-विधान के साथ अस्ताचलगामी सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित किया। व्रती महिलाओं और पुरुषों ने परिवार सहित समस्त जनमानस के सुख, समृद्धि, आरोग्य और मंगलमय जीवन की कामना की। सरोवर में सूर्यदेव की लालिमा का प्रतिबिंब, दीपों की जगमगाहट और सात घोड़ों के रथ पर विराजमान सूर्यदेव की मनोहारी प्रतिमा ने वातावरण को अलौकिक बना दिया।

इस पावन अवसर पर बरेका के महाप्रबंधक आशुतोष पंत भी सूर्य सरोवर पहुंचे। उन्होंने विधिवत पूजन-अर्चन कर अस्ताचलगामी सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित किया तथा लोक कल्याण और जनमानस की सुख-समृद्धि की कामना की।

रंग-बिरंगी विद्युत झालरों, आकर्षक प्रकाश व्यवस्था और मनमोहक सजावट से सूर्य सरोवर परिसर जगमगा उठा। छठी मइया के पारंपरिक लोकगीतों से पूरा परिसर भक्तिमय हो गया। पारंपरिक वेशभूषा में सजी माताओं और बहनों द्वारा गाए जा रहे मधुर छठ गीतों ने श्रद्धालुओं को भक्ति के भाव में सराबोर कर दिया। इस दौरान विशेष भजन संध्या का आयोजन किया गया। साथ ही हनुमान चालीसा एवं सुंदरकांड का श्रद्धापूर्वक पाठ भी हुआ। छठी मइया के जयकारों और भक्ति संगीत से संपूर्ण परिसर गुंजायमान रहा।

बरेका के जनसंपर्क अधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि हजारों श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और आयोजन को सुव्यवस्थित बनाए रखने के लिए उत्तर प्रदेश पुलिस, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ), नागरिक सुरक्षा दल, सेंट जॉन्स एम्बुलेंस ब्रिगेड तथा जिला भारत स्काउट एवं गाइड के सदस्यों ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया।

उन्होंने बताया कि सभी संबंधित विभागों और सुरक्षा एजेंसियों के आपसी समन्वय एवं सहयोग से छठ पूजा का आयोजन शांतिपूर्ण और सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। पूरे आयोजन के दौरान सूर्यदेव की सात अश्वों वाले रथ पर सवार भव्य प्रतिमा श्रद्धालुओं की आस्था और आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनी रही।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी