तिरंगा यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं, आमजन एवं यात्रियों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता : मोहित अग्रवाल
—पुलिस आयुक्त ने तिरंगा यात्रा मार्ग का किया पैदल निरीक्षण
वाराणसी, 12 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी में 80वें स्वतंत्रता दिवस-2026 के अवसर पर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में गुरूवार को प्रस्तावित तिरंगा यात्रा में उमड़ने वाली भीड़ को लेकर जिला प्रशासन सतर्क है। बुधवार शाम पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल व जिलाधिकारी सत्येन्द्र कुमार ने तिरंगा यात्रा के निर्धारित मार्ग पर पैदल भ्रमण किया। अफसरों ने सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं का जायजा लेने के साथ सावन मास में आने वाले श्रद्धालुओं, आमजन एवं यात्रियों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश दिया।
पुलिस आयुक्त ने काशी विद्यापीठ से सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय तक तिरंगा यात्रा के प्रस्तावित मार्ग का पैदल निरीक्षण करते हुए मार्ग की स्थिति, यातायात व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन एवं सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं को देखा। उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा मार्ग पर संवेदनशील स्थानों, प्रमुख चौराहों एवं भीड़ वाले क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, बैरिकेडिंग एवं प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि यात्रा शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न हो। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान महिला सुरक्षा, आपातकालीन स्थिति से निपटने तथा संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों पर सतर्क निगरानी रखी जाए। साथ ही ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी जनता से समन्वय बनाकर कार्य करें।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शहर में सुरक्षित, शांतिपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण वातावरण बनाए रखने के लिए पुलिस अधिकारियों को समुचित सुरक्षा प्लान के साथ मुस्तैद रहने तथा तिरंगा यात्रा के सफल आयोजन हेतु सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
इस दौरान अपर पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था/मुख्यालय) शिवहरी मीणा, पुलिस उपायुक्त काशी जोन गौरव बंशवाल, पुलिस उपायुक्त यातायात अनिल कुमार यादव, अपर पुलिस उपायुक्त काशी जोन वैभव बांगर भी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

