home page

वाराणसी में थाना गोद लेने की पहल से बेहतर होगी पुलिसिंग: पुलिस कमिश्नर

 | 
वाराणसी में थाना गोद लेने की पहल से बेहतर होगी पुलिसिंग: पुलिस कमिश्नर


—उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले चोलापुर, चौबेपुर और सारनाथ थानों के छह रिक्रूट आरक्षी पुरस्कृत

वाराणसी, 22 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में वाराणसी के पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने मंगलवार शाम सारनाथ थाने का निरीक्षण कर वरुणा जोन के सर्किल सारनाथ के अंतर्गत आने वाले थानों में लंबित एवं कालबाधित विवेचनाओं की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि कमिश्नरेट में शुरू की गई ‘थाना गोद लेने’ की पहल से थानों की कार्यप्रणाली में सुधार के साथ पुलिसिंग को और प्रभावी बनाया जा सकेगा। अधिकारियों द्वारा थानों का नियमित पर्यवेक्षण करने से कमियों की पहचान कर उनका समयबद्ध समाधान भी सुनिश्चित होगा।

निरीक्षण के दौरान पुलिस कमिश्नर ने नए रिक्रूट आरक्षियों से पुलिसिंग और तकनीकी विषयों से जुड़े सवाल पूछकर उनकी दक्षता का परीक्षण किया। साइबर पुलिसिंग, नए आपराधिक कानून, सीसीटीएनएस और फॉरेंसिक से संबंधित प्रश्नों के प्रभावी उत्तर देने वाले चोलापुर, चौबेपुर और सारनाथ थानों के छह रिक्रूट आरक्षियों को पुरस्कृत किया गया। उन्होंने सभी रिक्रूट आरक्षियों का साप्ताहिक मूल्यांकन करने और उन्हें नियमित रूप से बीट आवंटित करने के निर्देश दिए।

पुलिस कमिश्नर ने अपराध नियंत्रण, प्रभावी जनसुनवाई, महिला सुरक्षा, साइबर एवं तकनीकी पुलिसिंग के साथ पुलिसकर्मियों के कल्याण को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। ‘थाना गोद लेने’ की पहल के तहत संबंधित अधिकारियों से थानों की कार्यप्रणाली, अपराध नियंत्रण, जनसुनवाई और पुलिसकर्मियों के कल्याण की नियमित समीक्षा करने तथा सामने आने वाली कमियों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।

उन्होंने पुलिसकर्मियों से साइबर सुरक्षा, प्रतिबिम्ब एप, सीसीटीएनएस, आरटीसी, जेडएफडी, फॉरेंसिक जांच, साक्ष्य संकलन, सीडीआर और आईपीडीआर समेत विभिन्न तकनीकी विषयों की जानकारी ली। पुलिसकर्मियों की तकनीकी दक्षता बढ़ाने पर भी विशेष जोर दिया गया।

महिला सुरक्षा के संबंध में पुलिस कमिश्नर ने मिशन शक्ति केंद्र को प्रभावी बनाने, महिला एवं छात्राओं की सुरक्षा और जागरूकता को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। शिक्षण संस्थानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की नियमित जांच करने, महिला पुलिसकर्मियों को फील्ड ड्यूटी, चेकिंग और जागरूकता गतिविधियों में सक्रिय रूप से शामिल करने तथा महिलाओं और छात्राओं से नियमित संवाद स्थापित करने को कहा।

जनसुनवाई में तैनात पुलिसकर्मियों को आगंतुकों के साथ सौम्य एवं सम्मानजनक व्यवहार करने और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनकर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन राजेश कुमार पाण्डेय, अपर पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन लिपि नगायच समेत संबंधित सहायक पुलिस आयुक्त एवं अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी