शिक्षा व्यवस्था वसूली तंत्र बनकर रह गई है : संजीव सिंह
—नीट परीक्षा में गड़बड़ियों और पेपर लीक को लेकर कांग्रेस मुखर, केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग
वाराणसी,23 जून (हि.स.)। कांग्रेस के उत्तर प्रदेश प्रवक्ता संजीव सिंह ने आरोप लगाया कि देश की शिक्षा व्यवस्था आज वसूली तंत्र में बदल गई है। उन्होंने कहा कि छात्रों को निष्पक्ष, सस्ती और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दिलाने के उद्देश्य से लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पूरे देश में छात्रों की गूंज अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों की आवाज को मजबूती देंगे।
मंगलवार को लहुराबीर स्थित कांग्रेस के कैंप कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में संजीव सिंह ने कहा कि कांग्रेस के अग्रिम संगठन एनएसयूआई और युवा कांग्रेस के माध्यम से यह अभियान देशभर में चलाया जाएगा। उन्होंने बताया कि राहुल गांधी ने कोटा में विद्यार्थियों के साथ संवाद कर इस अभियान की शुरुआत कर दी है। इसके बाद प्रयागराज, पटना और दिल्ली में भी छात्रों के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
नीट परीक्षा में वर्ष 2018, 2021, 2024 और 2026 में सामने आई कथित अनियमितताओं एवं पेपर लीक की घटनाओं का उल्लेख करते हुए संजीव सिंह ने कहा कि देश की शिक्षा व्यवस्था गंभीर संकट से गुजर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले एक दशक में छात्रों के बीच निराशा बढ़ी है और आत्महत्या की घटनाओं में भी वृद्धि दर्ज की गई है।
उन्होंने कहा कि पेपर लीक की समस्या भाजपा सरकार के कार्यकाल में वर्ष 2015 की एआईपीएमटी (वर्तमान नीट) परीक्षा से ही शुरू हो गई थी। छात्रों और युवाओं के भविष्य से जुड़े इस गंभीर मुद्दे पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देना चाहिए। कांग्रेस पार्टी उनकी तत्काल बर्खास्तगी और जवाबदेही तय किए जाने की मांग करती है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि री-नीट परीक्षा के दौरान भी कई स्थानों पर अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के मामले सामने आए हैं। संजीव सिंह ने शिक्षा बजट का मुद्दा उठाते हुए कहा कि डॉ. मनमोहन सिंह के नेतृत्व वाली यूपीए सरकार के दौरान शिक्षा पर कुल बजट का 4.7 प्रतिशत खर्च किया जाता था, जबकि वर्तमान केंद्र सरकार में यह घटकर लगभग 2.27 प्रतिशत रह गया है।
वार्ता में कांग्रेस के जिला अध्यक्ष राजेश्वर सिंह पटेल और महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने संयुक्त रूप से बताया कि आगामी 10 जुलाई को प्रयागराज में शिक्षा बचाओ-भविष्य बचाओ अभियान के तहत छात्रों की गूंज कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर राहुल गांधी विद्यार्थियों से सीधे संवाद करेंगे। दोनों नेताओं ने छात्र-छात्राओं और अभिभावकों से कार्यक्रम में भागीदारी सुनिश्चित करने तथा अपने सुझाव और विचार साझा करने के लिए 08044186998 पर मिस्ड कॉल देने की अपील की।
पत्रकार वार्ता की शुरुआत लखनऊ स्थित एक कोचिंग संस्थान में हुए अग्निकांड में मृत छात्र-छात्राओं को श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुई। उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत विद्यार्थियों के प्रति शोक संवेदना व्यक्त की।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

