राजेश्वर सिंह पटेल और राघवेंद्र चौबे पर कांग्रेस नेतृत्व ने फिर जताया भरोसा, दोबारा सौंपी संगठन की कमान
——पुनर्नियुक्ति से वाराणसी के कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह, आगामी विधानसभा चुनाव में सभी सीटों पर मजबूती से उतरने का संकल्प
वाराणसी, 13 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने संगठनात्मक स्तर पर बड़ा फैसला लेते हुए वाराणसी में जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजेश्वर सिंह पटेल और महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे को पुनः जिम्मेदारी सौंपी है। प्रदेश नेतृत्व ने शीर्ष नेतृत्व के निर्देश पर पूर्व में घोषित जिला एवं महानगर अध्यक्षों की सूची के अनुरूप दोनों नेताओं की पुनर्नियुक्ति की है। उनकी दोबारा ताजपोशी से वाराणसी के कांग्रेसजनों और पार्टी कार्यकर्ताओं में खुशी एवं उत्साह का माहौल है।
पार्टी कार्यकर्ताओं ने नेतृत्व के इस फैसले को दोनों नेताओं के संगठनात्मक समर्पण, निरंतर सक्रियता और जमीनी स्तर पर पार्टी को मजबूत करने के प्रयासों पर मुहर बताया है। राजेश्वर सिंह पटेल और राघवेंद्र चौबे लंबे समय से संगठन को मजबूत करने के लिए सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से निरंतर संवाद बनाए रखने के साथ बूथ स्तर तक संगठन के विस्तार तथा जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर सड़क पर संघर्ष करने में उनकी सक्रियता रही है।
इन्हीं संगठनात्मक प्रयासों और कार्यकर्ताओं के बीच उनकी सक्रियता को देखते हुए कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम और प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना की सहमति से दोनों नेताओं पर एक बार फिर भरोसा जताया गया है।
पुनर्नियुक्ति के बाद शुक्रवार शाम जिला अध्यक्ष राजेश्वर सिंह पटेल और महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने पार्टी के शीर्ष एवं प्रदेश नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने वाराणसी के सभी कांग्रेसजनों और संगठन के लिए जमीनी स्तर पर संघर्ष करने वाले कार्यकर्ताओं का भी विशेष रूप से धन्यवाद किया।
दोनों अध्यक्षों ने कहा कि संगठन को मजबूती प्रदान करने में प्रत्येक कार्यकर्ता का योगदान महत्वपूर्ण है। कार्यकर्ताओं ने पूरी ऊर्जा, क्षमता और समर्पण के साथ पार्टी का साथ दिया है। उनके सहयोग और सामूहिक प्रयासों से ही संगठन लगातार आगे बढ़ रहा है। यह जिम्मेदारी किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि वाराणसी के समस्त कांग्रेसजनों की मेहनत, एकजुटता और विश्वास का परिणाम है।
उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी की रणनीति और संकल्प को स्पष्ट करते हुए कहा कि कांग्रेस वाराणसी की सभी विधानसभा सीटों पर पूरी मजबूती और नई ऊर्जा के साथ चुनावी मैदान में उतरेगी। इसके लिए संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त किया जाएगा। पार्टी कार्यकर्ता गांवों, मोहल्लों और वार्डों में आम जनता के बीच पहुंचकर जनसंपर्क और जनसंघर्ष को तेज करेंगे। साथ ही जनता की समस्याओं और जनहित से जुड़े मुद्दों को पूरी ताकत के साथ उठाया जाएगा। दोनों नेताओं ने विश्वास जताया कि वाराणसी के कांग्रेसजनों की एकजुटता, कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के सहयोग से आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस नई राजनीतिक ऊर्जा के साथ अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

