home page

राष्ट्रीय राजमार्गों पर कट प्वाइंट्स के निकट रम्बल स्ट्रिप्स, ब्लिंकर एवं आवश्यक संकेतक लगेंगे

 | 
राष्ट्रीय राजमार्गों पर कट प्वाइंट्स के निकट रम्बल स्ट्रिप्स, ब्लिंकर एवं आवश्यक संकेतक लगेंगे


—कमिश्नर ने मंडलीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में दिए दिशा निर्देश

वाराणसी, 08 मई (हि.स.)। वाराणसी परिक्षेत्र के मंडलायुक्त एस. राजलिंगम ने शुक्रवार को कहा कि सरकार द्वारा संचालित हिट एंड रन योजना के अंतर्गत अधिक से अधिक पीड़ितों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराए। उन्होंने प्रत्येक सड़क दुर्घटना की जांच कर अज्ञात वाहन से संबंधित प्रकरणों को आर्थिक सहायता दिलाए जाने के लिए जिला सड़क सुरक्षा समिति को प्रेषित किए जाने के निर्देश दिए।

उन्होंने हिट एंड रन योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए मंडल के सभी जनपदों में प्रमुख स्थानों एवं चौराहों पर फ्लेक्स लगाए जाने की हिदायत दी। वह कमिश्नर मंडलीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक को संबोधित कर रहे थे। मंडलायुक्त एस. राजलिंगम ने गत् 29 दिसम्बर को बैठक में दिये गये निर्देशों के अनुपालन के साथ ही वाराणसी मंडल में सड़क दुर्घटनाओं के आंकड़ों की समीक्षा की। गत वर्ष की तुलना में सड़क दुर्घटनाओं में मृतकों एवं घायल व्यक्तियों की संख्या में वृद्धि पर चिंता जताते हुए सभी संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही प्रत्येक दुर्घटना के कारणों की पृथक-पृथक समीक्षा किए जाने के निर्देश भी दिए।

उन्होंने ब्लैक स्पॉट चिन्हित स्थानों पर आवश्यक कार्रवाई किए जाने के साथ-साथ राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण को निर्देशित किया कि राष्ट्रीय राजमार्गों पर कट प्वाइंट्स के निकट रम्बल स्ट्रिप्स, ब्लिंकर एवं आवश्यक संकेतक (साइनेज) लगाए जाएं। साथ ही रोड मर्जर प्वाइंट्स एवं अंडरपास के निकट भी गति नियंत्रण एवं स्पीड कैल्मिंग उपाय सुनिश्चित किए जाएं, जिससे दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके। मंडलायुक्त ने जनपदों के एआरटीओ, पुलिस अधिकारियों एवं संबंधित सड़क निर्माण एजेंसियों को निर्देशित किया कि वे जनपदों के ब्लैक स्पॉट स्थलों पर 15 दिवस के भीतर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने निर्देशित करते हुए कहा कि परिवहन विभाग, पुलिस विभाग एवं शिक्षा विभाग के समन्वय से यह सुनिश्चित किया जाए कि बिना फिटनेस प्रमाण-पत्र वाले कोई भी स्कूल वाहन संचालित न हों। बैठक में सभी स्टेकहोल्डर विभागों के साथ मनोज कुमार वर्मा, संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन), राघवेंद्र सिंह, संभागीय परिवहन अधिकारी तथा वाराणसी मंडल के अंतर्गत आने वाले समस्त जनपदों के सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी