home page

मुख्य चिकित्सा अधिकारी पहुंचे एसएसपीजी मंडलीय जिला चिकित्सालय, भर्ती मरीजों से मिले

 | 


—उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सा सुविधाओं, दवाओं एवं उपचार व्यवस्था की ली जानकारी

वाराणसी, 26 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एन पी सिंह बुधवार को अचानक श्री शिव प्रसाद गुप्त मंडलीय जिला चिकित्सालय, कबीरचौरा में पहुंचे। इस दौरान उन्होंने चिकित्सीय व्यवस्थाओं एवं आकस्मिक सेवाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने आकस्मिक कक्ष सहित विभिन्न वार्डों में भ्रमण कर भर्ती मरीजों का हाल जाना। मरीजों और उनके परिजनों से बीमारी के संबंध में जानकारी प्राप्त की।

उन्होंने मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सा सुविधाओं, दवाओं एवं उपचार व्यवस्था का फीडबैक लिया। इसके बाद सीएमओ ने आकस्मिक कक्ष में उपस्थित चिकित्सकों से वार्ता कर मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं एवं आकस्मिक चिकित्सा व्यवस्था की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देशित किया कि आकस्मिक स्थिति में आने वाले प्रत्येक मरीज को तत्काल एवं आवश्यकतानुसार चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए तथा मरीजों एवं उनके तीमारदारों के साथ संवेदनशील एवं सेवा भाव से व्यवहार किया जाए। उन्होंने चिकित्सकों एवं नर्सिंग स्टाफ को निर्देश दिया कि सभी अधिकारी एवं कर्मचारी निर्धारित समय पर अपनी ड्यूटी पर उपस्थित रहें और मरीजों को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा। डॉ. सिंह ने अस्पताल की स्वच्छता, वार्डों में मरीजों की सुविधा, आवश्यक दवाओं की उपलब्धता तथा चिकित्सीय सेवाओं की नियमित निगरानी पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिला चिकित्सालय में आने वाले मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है ।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी