मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दो दिवसीय दौरे पर वाराणसी पहुंचे, शिक्षक स्नातक महासम्मेलन को करेंगे संबोधित
—बाबा कालभैरव और श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन करने के बाद सिगरा भारत सेवाश्रम संघ भी जाएंगे
वाराणसी, 14 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार शाम दो दिवसीय दौरे पर वाराणसी पहुंचे। पुलिस लाइन स्थित मैदान में हेलिकॉप्टर से उतरने पर भाजपा पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और जिला प्रशासन के अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। इसके बाद मुख्यमंत्री वाहनों के काफिले के साथ संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में आयोजित शिक्षक एवं स्नातक महासम्मेलन को संबोधित करने के लिए रवाना हो गए। भाजपा ने यहां से स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से केदार नाथ सिंह और शिक्षक क्षेत्र से डाॅ प्रमाेद मिश्रा काे उम्मीदवार घाेषित किया है।
मुख्यमंत्री अपने दौरे के दौरान काशी के कोतवाल बाबा कालभैरव और श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद लेंगे। इसके बाद उनका सिगरा स्थित भारत सेवाश्रम संघ जाने का भी कार्यक्रम है। दौरे के दौरान मुख्यमंत्री कानून-व्यवस्था, विकास कार्यों और प्रस्तावित एयर शो की तैयारियों की समीक्षा को लेकर अधिकारियों के साथ बैठक भी कर सकते हैं। मुख्यमंत्री के आगमन और निर्धारित कार्यक्रमों को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। कार्यक्रम स्थलों के साथ ही उनके आवागमन वाले मार्गों पर भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है।
शिक्षक-स्नातक मतदाताओं को साधने पर भाजपा का जोर
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में आयोजित शिक्षक एवं स्नातक महासम्मेलन को राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इसमें वाराणसी खंड के अंतर्गत आने वाले आठ जिलों के शिक्षक एवं स्नातक मतदाता शामिल होंगे। महासम्मेलन का आयोजन विधान परिषद के शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में किया जा रहा है।
वाराणसी खंड विधान परिषद के शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए 23 अक्टूबर को मतदान प्रस्तावित है। इस निर्वाचन क्षेत्र में वाराणसी और मीरजापुर मंडल के जिलों के साथ बलिया सहित कुल आठ जिले शामिल हैं। ऐसे में मुख्यमंत्री का वाराणसी दौरा आगामी चुनाव के लिहाज से अहम माना जा रहा है। महासम्मेलन के जरिए भाजपा शिक्षक एवं स्नातक मतदाताओं के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश में है।
गुरुवार को मीरजापुर जाएंगे मुख्यमंत्री
वाराणसी में निर्धारित कार्यक्रमों में शामिल होने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सर्किट हाउस में रात्रि विश्राम करेंगे। गुरुवार को वह मीरजापुर जिले के दौरे पर जाएंगे। वहां विंध्याचल के काली खोह मोड़ पर आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे। मुख्यमंत्री खोचवां मिर्जामुराद पहुंचे
वाराणसी पुलिस लाइन आने के पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मिर्जामुराद के खोचवां गांव पहुंचे। यहां उन्होंने अरविंद मिल का निरीक्षण किया। इस मिल का लोकार्पण प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कर सकते है। मुख्यमंत्री का हेलिकॉप्टर खोचवां गांव स्थित जनता इंटर कालेज के मैदान पर बने हेलीपैड पर उतरा। इसके बाद सड़क मार्ग वे अरविंद मिल पर पहुंचे और तैयारियां देखी। रूपापुर चौराहा के निकट खोचवां गांव में राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे सात एकड़ से अधिक भूमि पर अरविंद मिल की नई इकाई स्थापित की गई हैं । इसमें कुल सौ करोड़ का निवेश प्रस्तावित हैं। इस इकाई में एक हजार से अधिक लोगों को रोजगार मिलेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

