home page

सावन में काशीवासियों के लिए श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में होगा अलग दर्शन मार्ग : मुख्यमंत्री योगी

 | 
सावन में काशीवासियों के लिए श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में होगा अलग दर्शन मार्ग : मुख्यमंत्री योगी


वाराणसी के सीमावर्ती क्षेत्रों में बढ़ेगी निगरानी, सावन में सुरक्षा, ट्रैफिक और सुविधाओं पर विशेष जोर

वाराणसी, 07 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दो दिवसीय दौरे पर मंगलवार को वाराणसी पहुंचे। सर्किट हाउस में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ विकास कार्यों तथा कानून-व्यवस्था की समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने श्रावण मास की तैयारियों, जनसुविधाओं, प्रमुख विकास परियोजनाओं और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए।

—काशीवासियों के लिए अलग दर्शन मार्ग

श्रावण मास की तैयारियों की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में स्थानीय काशीवासियों के दर्शन के लिए अलग मार्ग की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों दोनों को सुगम दर्शन का लाभ मिल सके। इस निर्णय पर पूर्व मंत्री एवं विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने इसे काशीवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग बताते हुए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने यह भी निर्देश दिए कि मैदागिन से गोदौलिया तक बैरिकेडिंग के दौरान स्थानीय व्यापारियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा पूरे मार्ग पर पर्याप्त एम्बुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।

—सावन में सुरक्षा, ट्रैफिक और सुविधाओं पर विशेष जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रावण मास में प्रशासन, पुलिस, नगर निगम, लोक निर्माण विभाग, विद्युत विभाग, परिवहन और रेलवे आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। श्रद्धालुओं के लिए साफ-सफाई, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाएं, खोया-पाया केंद्र, आपदा प्रबंधन, निःशुल्क लॉकर तथा अन्य बुनियादी सुविधाएं प्रभावी रूप से उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने गंगा नदी में बढ़ते जलस्तर को देखते हुए जल पुलिस की सतर्कता बढ़ाने, लाइफ जैकेट का अनिवार्य उपयोग कराने तथा सीसीटीवी के माध्यम से निरंतर निगरानी रखने के निर्देश दिए। मैदागिन-गोदौलिया मार्ग पर बैरिकेडिंग सुरक्षित और व्यवस्थित रखने तथा जर्जर भवनों के आसपास विशेष सावधानी बरतने को भी कहा।

मुख्यमंत्री ने मंदिर व्यवस्था में लगे कर्मचारियों की समय-समय पर ड्यूटी बदलने के निर्देश देते हुए कहा कि वीआईपी दर्शन के नाम पर किसी भी श्रद्धालु के साथ अनियमितता या धोखाधड़ी की शिकायत नहीं मिलनी चाहिए। साथ ही होटल, रेस्तरां और बस स्टैंडों पर मनमाने शुल्क की वसूली पर भी कड़ी निगरानी रखने को कहा।

—सीमावर्ती क्षेत्रों में बढ़ेगी चौकसी

कानून-व्यवस्था की समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने जिले के सीमावर्ती क्षेत्रों में पुलिस की विशेष सतर्कता, फुट पेट्रोलिंग बढ़ाने तथा प्रत्येक छह माह में पुलिस कर्मियों की ड्यूटी बदलने के निर्देश दिए। उन्होंने आईजीआरएस और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के माध्यम से प्राप्त शिकायतों का गुणवत्ता के आधार पर समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।

—विकास परियोजनाओं को समयबद्ध पूरा करने के निर्देश

मुख्यमंत्री ने जिले में चल रही प्रमुख विकास परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने एकीकृत मंडलीय कार्यालय का निर्माण 18 माह के भीतर पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित करने को कहा। गंगा में नाव संचालन को अधिक सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए नाविकों के साथ बैठक कर छोटी नावों का नगर निगम के माध्यम से पंजीकरण कराने तथा लाइफ जैकेट सहित आवश्यक सुरक्षा सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

दालमंडी सड़क चौड़ीकरण परियोजना के तहत शेष भवनों का नियमानुसार मुआवजा देकर शीघ्र ध्वस्तीकरण की कार्रवाई करने को कहा। जल जीवन मिशन के कार्यों में तेजी लाने तथा पाइपलाइन बिछाने के बाद सड़कों का तत्काल गुणवत्तापूर्ण पुनर्निर्माण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि इस योजना में धन की कोई कमी नहीं है, इसलिए किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं होगी।

—रोप-वे, अंडरग्राउंड केबलिंग और अन्य परियोजनाओं की समीक्षा

मुख्यमंत्री ने वाराणसी रोप-वे परियोजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए इसे तय समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। मंडलायुक्त एस. राजलिंगम ने बताया कि अगस्त तक परियोजना पूर्ण करने का लक्ष्य है। अंडरग्राउंड केबलिंग के दौरान सड़कों की खुदाई के बाद समय पर मरम्मत नहीं होने पर मुख्यमंत्री ने नाराजगी जताई और निर्देश दिया कि कार्य शुरू होने से पहले संबंधित विभागों के बीच समन्वय बैठकें हों तथा सड़क पुनर्स्थापन का कार्य प्राथमिकता के आधार पर कराया जाए।

बैठक में वाराणसी विकास प्राधिकरण द्वारा विकसित की जा रही आनंद काशी, रुद्र काशी और काशी स्पोर्ट्स सिटी टाउनशिप की प्रगति की भी समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने यूनिटी मॉल निर्माण में तेजी लाने तथा वृक्षारोपण महाअभियान की व्यापक तैयारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में इनकी रही उपस्थिति

बैठक में प्रदेश के श्रम एवं सेवायोजन मंत्री अनिल राजभर, खादी ग्रामोद्योग मंत्री राकेश सचान, स्टाम्प एवं पंजीयन मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविन्द्र जायसवाल, एमएसएमई राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा, पूर्व मंत्री एवं विधायक डॉ नीलकंठ तिवारी, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्य, महापौर अशोक तिवारी, सदस्य विधान परिषद धर्मेंद्र सिंह, विधायक डॉ अवधेश सिंह, सौरभ श्रीवास्तव, त्रिभुवन राम, डॉ सुनील पटेल, अपर पुलिस आयुक्त शिवहरि मीणा, डीआईजी वैभव कृष्णा, पूर्वांचल विद्युत वितरण के एमडी शंभू कुमार, उपाध्यक्ष विकास प्राधिकरण पूर्ण बोरा, नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल आदि मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी