मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पहुंचे वाराणसी,समीक्षा बैठक में शामिल होंगे
—चौकाघाट सांस्कृतिक संकुल में जनकल्याण योजनाओं के महाकुंभ में शामिल होंगे
वाराणसी,12 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दो दिवसीय दौरे पर शुक्रवार की शाम वाराणसी पहुंचे। मुख्यमंत्री के हेलीकॉप्टर पुलिस लाइन मैदान में उतरा तो वहां पहले से मौजूद भाजपा के पदाधिकारियों,जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अफसरों ने मुख्यमंत्री की अगवानी की। पुलिस लाइन से मुख्यमंत्री कड़ी सुरक्षा के बीच सर्किट हाउस के लिए रवाना हो गए। वाराणसी प्रवास के पहले दिन मुख्यमंत्री कई कार्यक्रमों में शामिल होंगे। वहीं, शहर में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा बैठक भी करेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में मुख्यमंत्री गिरिजा देवी सांस्कृतिक संकुल, चौकाघाट में आयोजित जनकल्याण योजनाओं के महाकुंभ में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री इस कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे। प्रदर्शनी और विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण करने के बाद मुख्यमंत्री सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र और प्रमाण पत्र वितरित करेंगे। यहां से मुख्यमंत्री सर्किट हाउस पहुंचेंगे। दालमंडी सड़क चौड़ीकरण परियोजना समेत शहर में चल रहे विभिन्न सड़क निर्माण कार्यों की समीक्षा भी करेंगे। इसके बाद वह बीएचयू में निर्माणाधीन नेशनल एजिंग सेंटर का निरीक्षण करेंगे। सर्किट हाउस में रात्रि विश्राम के पूर्व कालभैरव मंदिर और बाबा विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन भी कर सकते हैं। वाराणसी प्रवास के दूसरे दिन शनिवार को मुख्यमंत्री काशी हिन्दू विश्वविद्यालय में आयोजित विज्ञान भारती के सातवें राष्ट्रीय अधिवेशन में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

