home page

(अपडेट) मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बाबा कालभैरव और श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में किया दर्शन पूजन

 | 
(अपडेट) मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बाबा कालभैरव और श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में किया दर्शन पूजन


(अपडेट) मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बाबा कालभैरव और श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में किया दर्शन पूजन


—यूपी कालेज के प्रोफेसर के घर बड़ालालपुर जाकर मांगलिक समारोह में हुए शामिल

-परिजनों संग फोटो भी खिचाई

वाराणसी, 06 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को वाराणसी पहुंचे। गोरखपुर से मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर पुलिस लाइन में बने हेलीपैड पर उतरा तो वहां पहले से मौजूद भाजपा के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अफसरों ने मुख्यमंत्री की अगवानी की। पुलिस लाइन से मुख्यमंत्री कड़ी सुरक्षा के बीच वाहनों के काफिले में बड़ा लालपुर स्थित उदय प्रताप कॉलेज के अर्थशास्त्र के प्रोफेसर डॉ. राजीव कृष्ण के घर पहुंच कर मांगलिक समारोह में शामिल हुए। यहां परिजनों से कुछ देर बातचीत के बाद मुख्यमंत्री ने उन्हें बधाई दी और महिलाओं व बच्चों को आशीर्वाद दिया। इसके बाद उनके साथ सामूहिक फोटो भी खिचाई।

इसके बाद वे कालभैरव मंदिर में दर्शन पूजन के लिए पहुंचे। मंदिर में विधि विधान से दर्शन पूजन के बाद मुख्यमंत्री ने बाबा की आरती भी की। कालभैरव मंदिर से दर्शन पूजन के बाद मुख्यमंत्री ने श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में भी विधिवत पूजन अर्चन किया। बाबा के पावन ज्योर्तिलिंग का अभिषेक कर उन्होंने देश प्रदेश में जीवन मंगल की कामना की। इस अवसर पर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर, स्टाम्प एवं न्यायालय पंजीयन शुल्क राज्य मंत्री (स्वतंत्र) प्रभार रविन्द्र जायसवाल, आयुष एवं खाद्य सुरक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ दयाशंकर मिश्र 'दयालु', एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा, एमएलसी धर्मेंद्र सिंह, पूर्व मंत्री एवं शहर दक्षिणी विधायक डॉ नीलकंठ तिवारी,कैंट विधायक सौरभ श्रीवास्तव, पिंडरा विधायक डॉ अवधेश सिंह भी मौजूद रहे।

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री मंगलवार शाम को ही काशी आने वाले थे। लेकिन गोरखपुर में शिक्षामित्रों के चेक वितरण कार्यक्रम में देर होने के कारण उनका दौरा रद्द हो गया था। शहर में मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए उनके कार्यक्रम स्थल और आवागमन वाले मार्ग को नो-फ्लाई जोन घोषित करने के साथ सुरक्षा का व्यापक प्रबंध किया गया है। पुलिस लाइन से बड़ालालपुर जाने के दौरान रास्ते में मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए भाजपा कार्यकर्ता सड़क किनारे खड़े थे। नटिनिया दाई मंदिर के समीप कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री के वाहन पर पुष्प वर्षा की।

मुख्यमंत्री योगी ने बच्चे पर प्यार बरसाया

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने काल भैरव मंदिर में दर्शन के बाद एक छोटे बच्चे पर प्यार बरसाया। इस दौरान उनका यह सरल और स्नेहपूर्ण अंदाज देख लोग हर—हर महादेव का नारा लगाते रहे। मुख्यमंत्री ने मंदिर मार्ग के दुकानदारों से भी उनका कुशलक्षेम जाना। मुख्यमंत्री ने बच्चों को आशीर्वाद भी दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी