उत्तर प्रदेश आज देश के सबसे तेजी से विकसित होने वाले राज्यों में शामिल : सुरेश खन्ना
विकसित भारत-विकसित उत्तर प्रदेश प्रदर्शनी का समापन, प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को बताया
वाराणसी, 26 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि राज्य आज देश के सबसे तेजी से विकसित होने वाले राज्यों में शामिल हो चुका है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश ने विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं। कानून व्यवस्था में सुधार, निवेशकों के लिए अनुकूल वातावरण और पारदर्शी प्रशासन ने प्रदेश को नई पहचान दिलाई है। वित्त मंत्री ने गुरूवार को यह बात “विकसित भारत–विकसित उत्तर प्रदेश” विषयक 08 दिवसीय चित्र प्रदर्शनी के समापन अवसर पर कही।
नाटी इमली स्थित ऐतिहासिक भरत मिलाप मैदान में 19 से 26 मार्च तक आयोजित इस प्रदर्शनी का उद्घाटन प्रदेश के स्टाम्प एवं न्यायालय पंजीयन शुल्क राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविन्द्र जायसवाल ने किया था। प्रदर्शनी में प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास परियोजनाओं और उपलब्धियों को चित्रों, चार्ट एवं मॉडलों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया। इसका उद्देश्य आमजन को प्रदेश के समग्र विकास और सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना रहा। प्रदर्शनी में बुनियादी ढांचे के विस्तार, शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण, कृषि, रोजगार सृजन, निवेश और कानून-व्यवस्था में सुधार जैसे क्षेत्रों में हुई प्रगति को प्रमुखता से दर्शाया गया। साथ ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रदेशवासियों के नाम लिखी जा रही “पाती” भी आकर्षण का केंद्र रही।
समापन अवसर पर मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि बीते नौ वर्षों में प्रदेश सरकार ने हर वर्ग के उत्थान के लिए कई योजनाएं लागू की हैं।गरीबों को आवास, किसानों को आर्थिक सहायता, युवाओं को रोजगार और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में ठोस प्रयास किए गए हैं। मंत्री ने बताया कि सड़क, एक्सप्रेस-वे, एयरपोर्ट और मेट्रो जैसी आधारभूत सुविधाओं का तेजी से विस्तार हुआ है। पूर्वांचल, बुंदेलखंड और गंगा एक्सप्रेस-वे जैसी परियोजनाएं विकास के प्रतीक बन चुकी हैं।
वहीं, मेडिकल कॉलेजों की संख्या में वृद्धि और स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण से आमजन को बेहतर उपचार मिल रहा है। इस दौरान सूचना विभाग से पंजीकृत सांस्कृतिक दलों ने नुक्कड़ नाटक और लोकगीतों के माध्यम से जन-जागरूकता का संदेश दिया। प्रदर्शनी में प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर योजनाओं की जानकारी प्राप्त की। समापन अवसर पर महापौर अशोक तिवारी, एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा, भाजपा महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि और मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार सिंह आदि भी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

