चैत्र नवरात्र : बाबा विश्वनाथ दरबार से भेजी गई मुखनिर्मालिका गौरी और माता विशालाक्षी काे श्रृंगार सामग्री
—श्रृंगार सामग्री श्री विश्वेश्वर से अवलोकित करा देवी मंदिर में अर्पित की गई
वाराणसी,19 मार्च (हि.स.)। वासंतिक चैत्र नवरात्र के पहले दिन गुरूवार को श्री काशी विश्वनाथ दरबार से आदिशक्ति के प्रथम गौरी स्वरूप मुखनिर्मालिका गौरी और शक्तिपीठ मां विशालाक्षी देवी के दरबार में श्रृंगार सामग्री और वस्त्र उपहार स्वरूप भेजा गया।
यह जानकारी श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास की ओर से दी गई। बताया गया कि चैत्र नवरात्र का प्रथम दिवस है, जो श्री मुखनिर्मालिका गौरी को समर्पित है। इस पावन अवसर पर श्री काशी विश्वनाथ धाम में श्री विश्वेश्वर को अवलोकित करवा कर, उपहार स्वरूप मां के विग्रह को धारण किए जाने के लिए वस्त्र एवं श्रृंगार सामग्री मंदिर के शास्त्रियों द्वारा विधिपूर्वक माँ मुखनिर्मालिका गौरी तथा शक्तिपीठ माता विशालाक्षी को अर्पित की गई। इस क्रम में नवरात्र के आगामी दिनों में भी मां गौरी के विभिन्न स्वरूपों, जिनके लिए जो दिन समर्पित है, उनके लिए वस्त्र एवं श्रृंगार सामग्री श्री विश्वेश्वर से अवलोकित करवा कर उपहार स्वरूप नवरात्र अवधि में प्रतिदिन प्रेषित की जाएगी। यह आयोजन श्रद्धा, परंपरा एवं सनातन आस्था के अनुसार सम्पन्न किया जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

