श्री काशी विश्वनाथ धाम के शिवार्चनम् मंच पर पद्मश्री मालिनी अवस्थी के गीतों का जादू बिखरा
—धाम में चैत्र नवरात्र की दूसरी निशा में नृत्यांगना रमा वैद्यनाथन ने भावपूर्ण भरतनाट्यम नृत्य पेश किया
वाराणसी, 20 मार्च (हि.स.)। वासंतिक चैत्र नवरात्र के दूसरे दिन शुक्रवार शाम श्री काशी विश्वनाथ धाम के शिवार्चनम् मंच पर सांस्कृतिक कार्यक्रम में दिग्गज कलाकारों ने एक से बढ़कर प्रस्तुति दी। दिव्य एवं आध्यात्मिक वातावरण के मध्य अलौकिक आस्था, श्रद्धा एवं भक्ति के भाव से मंच सराबोर दिखा।
पद्मश्री मालिनी अवस्थी ने अपने प्रस्तुत भक्ति गीतों से वातावरण को भक्तिरस से ओतप्रोत कर दिया। वहीं, सुप्रसिद्ध नृत्यांगना रमा वैद्यनाथन ने अपने भावपूर्ण भरतनाट्यम नृत्य के माध्यम से देवी आराधना की अद्भुत प्रस्तुति दी। इसके अतिरिक्त पद्मश्री पंडित शिवनाथ मिश्र, देवव्रत मिश्र एवं कृष्णा मिश्र ने “सितार त्रिवेणी” की अनुपम छटा बिखेरी।
पूरे कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालु एवं दर्शक भावविभोर होकर कलाकारों की प्रस्तुतियों का आनंद लेते रहे। इसके पहले कार्यक्रम का शुभारंभ विशिष्ट अतिथियों, मंदिर न्यास के अधिकारियों एवं कार्मिकों की उपस्थिति में दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर उपस्थित सभी जनों ने माँ भगवती एवं भगवान श्री काशी विश्वनाथ का स्मरण करते हुए देश समाज के लिए मंगलकामना की।
मंदिर न्यास के अनुसार, सांस्कृतिक संध्या के माध्यम से नवरात्रि पर्व की आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक गरिमा को और अधिक सुदृढ़ किया गया, जिससे उपस्थित जनसमूह को अद्वितीय आध्यात्मिक अनुभूति प्राप्त हुई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, स्थानीय नागरिकों एवं बाहर से आए दर्शनार्थियों की उपस्थिति रही। आयोजन के दौरान सुरक्षा, स्वच्छता एवं व्यवस्थाओं का समुचित प्रबंधन सुनिश्चित किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

