home page

श्री काशी विश्वनाथ धाम से विशालाक्षी गौरी के दरबार में भेजा गया वस्त्र और श्रृंगार सामग्री

 | 
श्री काशी विश्वनाथ धाम से विशालाक्षी गौरी के दरबार में भेजा गया वस्त्र और श्रृंगार सामग्री


वाराणसी, 26 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की धार्मिक नगरी वाराणसी में वासंतिक चैत्र नवरात्र के आठवें दिन गुरूवार को श्री काशी विश्वनाथ धाम से मां विशालाक्षी गौरी के दरबार में वस्त्र और श्रृंगार सामग्री का उपहार भेजा गया। मंदिर न्यास के अधिकारियों के अनुसार आज चैत्र नवरात्र का अष्टमी दिवस है, जो श्री मंगला गौरी को समर्पित है। इस पावन अवसर पर श्री काशी विश्वनाथ धाम में श्री विश्वेश्वर को अवलोकित करवा कर, उपहार स्वरूप मां के धारण किए जाने के लिए वस्त्र एवं श्रृंगार सामग्री मंदिर के शास्त्रियों द्वारा विधिपूर्वक शक्तिपीठ माता विशालाक्षी को अर्पित की गई। इस क्रम में नवरात्र के अन्तिम दिन माँ गौरी के विभिन्न स्वरूपों, जिनके लिए जो दिन समर्पित है, उनके लिए वस्त्र एवं श्रृंगार सामग्री श्री विश्वेश्वर से अवलोकित करवा कर उपहार स्वरूप नवरात्र अवधि में प्रतिदिन प्रेषित की जाएगी। उधर, चैत्र नवरात्र के पावन अवसर पर श्री काशी विश्वनाथ धाम में विशेष धार्मिक अनुष्ठानों का क्रम जारी रहा। इसी उपलक्ष्य में नवरात्र के अष्टमी दिवस पर श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में देवी स्वरूप स्थापित कलश की मंदिर के शास्त्रियों द्वारा दुर्गा पाठ के माध्यम से विधिवत आराधना की गई। इस पवित्र अनुष्ठान में भक्तिभाव और आध्यात्मिक ऊर्जा का विशेष संचार हुआ। मंदिर प्रशासन के अनुसार, यह दुर्गा पाठ प्रतिदिन नियमित रूप से मंदिर के शास्त्रियों द्वारा माता की आराधना में समर्पित किया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी