चंद्रमौलीश्वर स्वरूप में होगा बाबा विश्वनाथ का झूलनोत्सव
वाराणसी, 24 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी में बाबा श्री काशी विश्वनाथ के 'बाबा चले ससुराल' आयोजन में मंगलवार को बाबा विश्वनाथ अपने ससुराल सारंगनाथ में प्रतीकात्मक रूप से सपरिवार चंद्रमौलीश्वर स्वरूप में विराजेंगे। इस निमित्त टेढ़ीनीम महंत आवास से बाबा विश्वनाथ की प्रतीकात्मक सपरिवार प्रतिमा व पालकी बाबा के ससुराल ले जायी जायेगी। सोमवार शाम को श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के पूर्व महंत स्व.कुलपति तिवारी के परिजनों ने यह जानकारी दी।
बताया गया कि महंत के टेढ़ीनीम स्थित आवास से बाबा विश्वनाथ का चंद्रमौलीश्वर स्वरूप ही प्रयागराज के महाकुंभ क्षेत्र मे स्थापित होता आया है और महाशिवरात्री पर प्रति वर्ष महामृत्युंजय मंदिर से निकलने वाली शिव बारात में शामिल होती है। बताया गया कि मंगलवार अपरान्ह तीन बजे सारनाथ गंज क्षेत्र के चौखंडी स्तूप के पास स्थित श्री संकट मोचन मंदिर से बाबा की पालकी सारंगनाथ मंदिर के लिए प्रस्थान करेगी। मंदिर में सायंकाल 5:00 बजे बाबा के ससुराल सारंगनाथ महादेव मंदिर में झुलनोत्सव कार्यक्रम होगा। इसके बाद प्रदोष काल में 501 पार्थिव शिवलिंग का अभिषेक किया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

