home page

वाराणसी में 3105 प्रगणक घर-घर जाकर संकलित करेंगे परिवारों का ब्योरा

 | 
वाराणसी में 3105 प्रगणक घर-घर जाकर संकलित करेंगे परिवारों का ब्योरा


-नगर आयुक्त के निर्देशन में नेतृत्व जनगणना-2027 के लिए बनी रूपरेखा, तैयारी तेज

वाराणसी, 27 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी में जनगणना-2027 के द्वितीय चरण को लेकर प्रशिक्षण केंद्रों तक सरगर्मी तेज हो गई है। इस क्रम में नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल के मार्गदर्शन में शहर के सभी आठ जोनों (प्रशासनिक चार्ज) में प्रगणकों और सुपरवाइजरों को प्रशिक्षित करने का सिलसिला शुरू हो गया है। इस व्यापक अभियान के तहत कुल 3105 प्रगणक और 532 सुपरवाइजर घर-घर जाकर नागरिकों का सटीक डेटा संकलित करेंगे।

मंगलवार को नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बताया कि प्रशिक्षण प्रक्रिया को सुचारू, पारदर्शी और समयबद्ध बनाने के लिए निगम ने शहर के प्रमुख शैक्षणिक संस्थानों और केंद्रों को जिम्मेदारी सौंपी है। अपर नगर आयुक्त बरखा सिंह ने मंगलवार को जेपी मेहता इंटर कॉलेज पहुंचकर वरुणापार चार्ज के तहत चल रहे प्रशिक्षण सत्र का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने वहां मौजूद प्रशिक्षुओं को ताकीद किया कि वे जनगणना नियमावली और तकनीकी बारीकियों को बेहद गंभीरता से सीखें, ताकि फील्ड वर्क के दौरान किसी भी प्रकार की त्रुटि की गुंजाइश न रहे। उन्होंने स्पष्ट किया है कि संबंधित जोनल अधिकारी अपने-अपने चार्ज के अंतर्गत संचालित होने वाले प्रशिक्षण केंद्रों की व्यवस्थाओं के सुचारू संचालन के लिए मुख्य नोडल अधिकारी होंगे। प्रशिक्षण के दौरान प्रगणकों को तकनीकी साजो-सामग्री, प्रपत्र भरने के तौर-तरीकों और नागरिकों से संवाद स्थापित करने की विधिक प्रक्रिया के बारे में विस्तार से बताया जा रहा है, ताकि निर्धारित समय-सारिणी के भीतर शत-प्रतिशत परिवारों का सटीक ब्योरा जुटाया जा सके।

16 नवंबर से 30 नवंबर तक स्वगणना

अपर नगर आयुक्त ने बताया कि 16 नवंबर से 30 नवंबर तक स्वगणना की प्रक्रिया चलेगी। इसके बाद एक दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर जाकर जनगणना का कार्य करेंगे। इस दौरान निर्धारित प्रक्रिया के तहत परिवारों से आवश्यक जानकारी जुटाई जाएगी। प्रगणकों व सुपरवाइजरों को पूरी जिम्मेदारी और गंभीरता के साथ काम करने के निर्देश दिए गए हैं।

जोनवार निर्धारित प्रशिक्षण केंद्र

आदमपुर : नेशनल इंटर कॉलेज, भेलूपुर : बंगाली टोला इंटर कॉलेज, दशाश्वमेध : राजकीय क्वींस इंटर कॉलेज,कोतवाली : राजकीय क्वींस इंटर कॉलेज,वरुणापार : जेपी मेहता इंटर कॉलेज, सारनाथ : सुधाकर महिला विद्यालय, ऋषि मांडवी : सिल्वर ग्रोव स्कूल,रामनगर : प्रभु नारायण इंटर कॉलेज

------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी