वाराणसी फूलपुर में तेज रफ्तार ट्रक ने कार में मारी टक्कर,कार गड्ढे में पलटी,सवार बचे
—अनियंत्रित कार की चपेट में आकर बाइक सवार दम्पति व डेढ़ वर्षीय बच्ची घायल
वाराणसी,21 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले के फूलपुर थाना क्षेत्र के सुरही गांव के सामने वाराणसी-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग-31 पर मंगलवार को तेज रफ्तार ट्रक के धक्के से एक कार सड़क के किनारे गड्ढे में पलट गई। हादसे में कार सवार जहां बाल बाल बच गए। वहीं, अनियंत्रित कार के धक्के से पीेछे से आ रहे मोटरसाइकिल सवार दम्पति व उनकी डेढ़ वर्षीय बच्ची घायल हो गई। हादसे की सूचना पाते ही मौके पर अफसर,फूलपुर पुलिस,केसरिया भारत के प्रदेश अध्यक्ष गौरीश सिंह व सुरही ग्राम प्रधान रविन्द्र यादव पहुंच गए। घायल बाइक सवार गजापुर बड़ागाँव वाराणसी निवासी शुभम कुमार (30 वर्ष),उनकी पत्नी अंतिमा (27 वर्ष) डेढ़ वर्षीय बच्ची को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया गया। हादसे की जानकारी पाते ही घायलों के परिजन भी अस्पताल में पहुंच गए। हादसे में डेढ़ वर्षीय बच्चे को हल्की चोटें आयी है। वहीं,दंपति गंभीर रूप से घायल है।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

