home page

विधानसभा चुनाव में पिछली बार से अधिक सीटें जीतने का लक्ष्य : जगदीश पटेल

 | 
विधानसभा चुनाव में पिछली बार से अधिक सीटें जीतने का लक्ष्य : जगदीश पटेल


—भाजपा के नवनियुक्त राष्ट्रीय सचिव व प्रदेश सह प्रभारी जगदीश पटेल ने कार्यकर्ताओं का बढ़ाया उत्साह

—श्रीकाशी विश्वनाथ व काल भैरव मंदिर में किया दर्शन-पूजन

वाराणसी, 24 अगस्त (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नवनियुक्त राष्ट्रीय सचिव एवं उत्तर प्रदेश के सह प्रभारी जगदीश पटेल ने दावा किया कि पिछले विधानसभा चुनाव से इस बार पार्टी अधिक सीट जीतेंगी। स्थानीय सर्किट हाउस में पार्टी की ओर से आयोजित कार्यक्रम में जगदीश पटेल ने कहा कि काशी विश्वनाथ जी के आशीर्वाद के बिना कोई काम शुरू नहीं होता। उत्तर प्रदेश के सह प्रभारी का दायित्व मिलने के बाद यह उनकी पहली काशी यात्रा है और बाबा विश्वनाथ एवं बाबा काल भैरव का आशीर्वाद लेकर मै कार्यकर्ताओं के बीच आया हूं।

जगदीश पटेल ने कार्यकर्ताओं से संवाद करते हुए कहा कि “आप लोगों ने मेरा प्राइमरी शिक्षण शायद तीन साल में ही पूरा कर दिया है। अब प्राइमरी के बाद हमें सेकेंडरी में जाना है।” उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के सहयोग से वह संगठन के अगले पड़ाव पर और अधिक मजबूती के साथ काम करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कार्य क्षेत्र काशी है। चाणक्य के नाम से जाने जाने वाले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी उत्तर प्रदेश के प्रभारी रह चुके हैं और यह मेरा सौभाग्य है कि मुझे उत्तर प्रदेश के सह प्रभारी का दायित्व सौंपा गया है। उन्होंने कहा कि वाराणसी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संसदीय क्षेत्र है और काशी की सभ्यता एवं संस्कृति करीब पांच हजार वर्ष पुरानी है। पूरी दुनिया में काशी की अपनी विशिष्ट पहचान है। उन्होंने कहा कि “प्रदेश के अंदर पिछली बार हमारी जो सीटें थीं, उससे कहीं ज्यादा सीटें हम जीतकर लाएंगे।” उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने के लिए पूरी ऊर्जा के साथ जुटने का आह्वान किया। काशी के विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए जगदीश पटेल ने कहा कि पिछले 12-13 वर्षों का आकलन करने पर काशी के विकास के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 70 हजार करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाएं दी गई हैं। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं और जनता को जो मिला है, उसके प्रति अपना दायित्व निभाना होगा। उन्होंने कहा कि “हमें अपना फर्ज निभाते हुए जो हमें मिला है, उसका डेढ़ा-दुगुना रिटर्न देना पड़ेगा, तब जाकर हम देवतुल्य कार्यकर्ता कहलाएंगे।

कार्यक्रम में क्षेत्र अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने कहा कि पिछले तीन वर्षों से लोकसभा समन्वयक के रूप में जगदीश पटेल का सभी को मार्गदर्शन मिलता रहा है। उन्होंने कहा कि कुशल संगठक जगदीश पटेल ने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत बूथ स्तर से की और अपनी संगठन क्षमता एवं समर्पण के बल पर आज भाजपा के राष्ट्रीय सचिव एवं उत्तर प्रदेश के सह प्रभारी के पद तक पहुंचे है। कार्यक्रम का संचालन अनिल श्रीवास्तव व धन्यवाद ज्ञापन भाजपा महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि ने किया।

इसके पहले सोमवार को पहली बार वाराणसी पहुंचने पर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया। वाराणसी एयरपोर्ट पहुंचने पर प्रदेश सरकार के मंत्रियों, जनप्रतिनिधियों एवं भाजपा नेताओं ने अंगवस्त्रम और पुष्पगुच्छ भेंट कर उनकी अगवानी की। एयरपोर्ट से सर्किट हाउस तक उनके काफिले का विभिन्न स्थानों पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों के साथ स्वागत किया और गुलाब की पंखुड़ियों की वर्षा कर अभिनंदन किया।

एयरपोर्ट पर स्वागत एवं अगवानी करने वालों में भाजपा प्रदेश महामंत्री दिलीप पटेल, क्षेत्र अध्यक्ष अशोक चौरसिया, राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’, राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा, जिलाध्यक्ष राम सकल पटेल, महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि, विधायक सौरभ श्रीवास्तव, महापौर अशोक तिवारी, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या,विधायक डॉ अवधेश सिंह,एमएलसी धर्मेंद्र राय, क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी नवरतन राठी आदि मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी