home page

महिला सम्मेलन को ऐतिहासिक बनाने के लिए बूथ स्तर तक उतरी भाजपा

 | 
महिला सम्मेलन को ऐतिहासिक बनाने के लिए बूथ स्तर तक उतरी भाजपा


—50 हजार महिलाओं की भागीदारी का लक्ष्य, संगठन ने बनाई व्यापक रणनीति,आठों विधानसभा क्षेत्रों में वरिष्ठ पदाधिकारियों को सौंपी जिम्मेदारी

वाराणसी, 22 अप्रैल (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 28 अप्रैल को प्रस्तावित काशी दौरे को लेकर भाजपा संगठन और महिला मोर्चा ने तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी की जिला व महानगर इकाइयों ने महिला सम्मेलन को ऐतिहासिक बनाने के लिए बूथ स्तर तक जनसंपर्क अभियान चलाने की रणनीति बनाई है। बुधवार शाम पार्टी के काशी क्षेत्र अध्यक्ष दिलीप पटेल ने बताया कि प्रधानमंत्री 28 अप्रैल को अपराह्न काशी पहुंचेंगे, जहां बनारस लोकोमोटिव वर्क्स (बरेका) में करोड़ों की परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास करेंगे और इसके बाद विशाल महिला सम्मेलन को संबोधित करेंगे। पीएम का रात्रि विश्राम काशी में होगा।

29 अप्रैल को पूर्वांह प्रधानमंत्री तिब्बती संस्थान रिंपा सेंगपा अस्पताल एवं मेडिकल कॉलेज का उद्घाटन करेंगे और फिर हरदोई में गंगा एक्सप्रेस वे के उद्घाटन के लिए रवाना होंगे। दिलीप पटेल ने कहा कि वर्ष 2014 से अब तक प्रधानमंत्री ने महिलाओं के सशक्तिकरण, आत्मनिर्भरता और सामाजिक-राजनीतिक भागीदारी को बढ़ाने के लिए कई ऐतिहासिक कदम उठाए हैं। उन्होंने मातृशक्ति से आह्वान किया कि यह सम्मेलन देशभर में नारी शक्ति का संदेश देगा।

उन्होंने बताया कि महिला सम्मेलन में 50 हजार से अधिक महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए जिले की सभी आठ विधानसभाओं में वरिष्ठ पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। जिसके तहत जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या को रोहनिया, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष विनिता सिंह को सेवापुरी, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष अपराजिता सोनकर को अजगरा विधानसभा की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, क्षेत्रीय पदाधिकारियों में पूजा दीक्षित को दक्षिणी, खुशबू सिंह को उत्तरी और भाजपा नेत्री निर्मला सिंह पटेल को कैंट विधानसभा की जिम्मेदारी सौंपी गई है। संगठन के अनुसार मंडलों में बैठकों का क्रम पूरा हो चुका है और अब महिला मोर्चा की टीमें बूथ स्तर पर घर-घर संपर्क कर महिलाओं को सम्मेलन में भाग लेने के लिए आमंत्रित करेंगी।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी