home page

प्रदेश विधानसभा चुनाव से पूर्व भाजपा ने पार्टी संगठन के मजबूती पर दिया बल, पदाधिकारियों को सौंपी जिम्मेदारियां

 | 
प्रदेश विधानसभा चुनाव से पूर्व भाजपा ने पार्टी संगठन के मजबूती पर दिया बल, पदाधिकारियों को सौंपी जिम्मेदारियां


—काशी क्षेत्र कार्यसमिति की पहली बैठक में छह महीने से कम समय में बूथ तक अभियान

वाराणसी, 07 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में अब छह महीने से भी कम समय शेष बचा है। ऐसे में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने काशी क्षेत्र में संगठनात्मक गतिविधियों को धार देने की तैयारी शुरू कर दी है। रोहनिया स्थित पार्टी के क्षेत्रीय कार्यालय में सोमवार को काशी क्षेत्र कार्यसमिति की प्रथम बैठक आयोजित हुई। बैठक में पार्टी के आगामी अभियानों और कार्यक्रमों को बूथ स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने, नियमित प्रवास करने तथा संगठन के कार्यों के लिए पदाधिकारियों के बीच जिम्मेदारियों का स्पष्ट विभाजन करने पर जोर दिया गया।

बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय मंत्री एवं प्रदेश सह प्रभारी जगदीश पटेल तथा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं काशी क्षेत्र प्रभारी रमेश सिंह भी उपस्थित रहे। बैठक की अध्यक्षता क्षेत्रीय अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने की। वहीं, संचालन महामंत्री अनूप जायसवाल ने किया। बैठक में काशी क्षेत्र के पदाधिकारियों और कार्यसमिति सदस्यों ने अपने वर्तमान और पूर्व दायित्वों का परिचय दिया। इसके बाद मुख्य अतिथि राष्ट्रीय मंत्री जगदीश पटेल ने कहा कि उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव नजदीक हैं और समय बहुत कम है। ऐसे में पार्टी के कार्यक्रमों और अभियानों का बूथ स्तर तक क्रियान्वयन सुनिश्चित करना सभी पदाधिकारियों की बड़ी जिम्मेदारी है।

—17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा सेवा संकल्प अभियान

जगदीश पटेल ने कहा कि काशी के सांसद और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन 17 सितंबर को है। पार्टी हर वर्ष प्रधानमंत्री का जन्मदिन सेवा भाव से मनाती है, लेकिन इस बार इसे विशेष रूप से आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने बताया कि 7 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा के 25 वर्ष पूर्ण हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन 25 वर्षों में नरेंद्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री और देश के प्रधानमंत्री के रूप में जिस सेवाभाव से कार्य किया है, वह भारतीय राजनीति में मील का पत्थर है। इसी को ध्यान में रखते हुए पार्टी द्वारा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने क्षेत्रीय पदाधिकारियों से अभियान को बूथ स्तर तक प्रभावी ढंग से आयोजित कराने का आह्वान किया।

—दायित्व मिलने के साथ बढ़ जाती है जिम्मेदारी :रमेश सिंह

पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं काशी क्षेत्र प्रभारी रमेश सिंह ने कहा कि दायित्व मिलने के साथ जिम्मेदारियां भी बढ़ जाती हैं। कार्यकर्ता कल किसी और भूमिका में थे और आज किसी अन्य भूमिका में हैं। उन्होंने कहा कि जब पार्टी सरकार में होती है तो जनता की अपेक्षाएं भी अधिक होती हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं को प्रधानमंत्री के 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग के साथ मिलकर काम करना होगा।

—कार्य विभाजन से बढ़ती है कार्यक्षमता : अशोक चौरसिया

काशी क्षेत्र अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने कहा कि विधानसभा चुनाव में छह महीने से भी कम समय बचा है। ऐसी स्थिति में सभी पदाधिकारियों का दायित्व है कि पार्टी के कार्यक्रमों और अभियानों को प्रभावी तरीके से संगठन की निचली इकाई तक पहुंचाएं। उन्होंने सभी पदाधिकारियों को नियमित प्रवास करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि संगठन का मानना है कि कार्य विभाजन से दायित्व का बोध होता है, कार्य करने की क्षमता बढ़ती है और निर्धारित कार्यों का सही तरीके से निष्पादन सुनिश्चित होता है। अशोक चौरसिया ने क्षेत्रीय पदाधिकारियों के बीच कार्य विभाजन करते हुए क्षेत्र उपाध्यक्ष विपिन सिंह को प्रोटोकॉल, अनिता त्रिपाठी को महिला मोर्चा, सर्वेश कुशवाहा को अल्पसंख्यक मोर्चा, अनिल श्रीवास्तव को वाराणसी लोकसभा में होने वाले कार्यक्रमों, सुनील पटेल को किसान मोर्चा, अमित राय को ओबीसी मोर्चा एवं सर्किट हाउस, भानू प्रताप सिंह को एससी मोर्चा, राकेश शर्मा को एसटी मोर्चा और काशी क्षेत्र के उपाध्यक्ष नवरतन राठी को प्रवक्ता का प्रभार सौंपा। नवरतन राठी प्रवक्ता की जिम्मेदारी के साथ-साथ मीडिया विभाग के कार्यों की मॉनिटरिंग का भी दायित्व संभालेंगे। वहीं, क्षेत्र महामंत्री अनूप जायसवाल को मन की बात कार्यक्रम, क्षेत्र मंत्री प्रवीण सिंह गौतम को कार्यालय, क्षेत्र मंत्री रामसुंदर निषाद को संगठनात्मक बैठकों तथा क्षेत्र मंत्री राजेश राजभर को युवा मोर्चा का प्रभार दिया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी