home page

वाराणसी : कर्मभूमि से जन्मभूमि तक बाइक यात्रा, गूंजेगा प्रधानमंत्री मोदी के 25 साल का संदेश

 | 
वाराणसी : कर्मभूमि से जन्मभूमि तक बाइक यात्रा, गूंजेगा प्रधानमंत्री मोदी के 25 साल का संदेश


—17 सितंबर को श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में 10 नदियों के जल से जलाभिषेक के बाद होगी यात्रा की शुरूआत

वाराणसी, 12 सितंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों को केंद्र में रखकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा )काशी क्षेत्र में एक माह तक व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाएगी। 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ को पार्टी ने महज कार्यक्रमों की श्रृंखला के बजाय सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण और विकसित भारत के संदेश को बूथ स्तर तक पहुंचाने के अभियान के रूप में तैयार किया है। अभियान का सबसे प्रमुख आकर्षण काशी से गुजरात के वडनगर तक निकलने वाली बाइक यात्रा होगी। प्रधानमंत्री के जन्मदिन 17 सितंबर को श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में बाबा के पावन ज्योर्तिलिंग की 10 नदियों के जल से जलाभिषेक के बाद यात्रा रवाना होगी । लगभग 20 दिन बाद सात अक्टूबर को प्रधानमंत्री मोदी के जन्मस्थान वडनगर में यात्रा का समापन होगा।

यात्रा को लेकर शनिवार को रोहनिया स्थित भाजपा काशी क्षेत्र मुख्यालय बैठक हुई। बैठक में नवनियुक्त पदाधिकारियों और क्षेत्र कार्यसमिति सदस्यों को क्षेत्र अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने अभियान की रूपरेखा और कार्यक्रमों का ब्लू प्रिंट बताया। उन्होंने काशी क्षेत्र के सभी 16 जिलों में अभियान को व्यापक स्तर पर संचालित करने के निर्देश दिए। इसके तहत 71 विधानसभा क्षेत्रों, 337 मंडलों और 31,168 बूथों तक कार्यक्रमों को पहुंचाने की तैयारी है।

—काशी से वडनगर तक जुड़ेगा मोदी का राजनीतिक सफर

अभियान में काशी से वडनगर तक प्रस्तावित बाइक यात्रा को भाजपा ने विशेष महत्व दिया है। ‘वडनगर से वाराणसी यात्रा’ के तहत प्रधानमंत्री की जन्मभूमि और कर्मभूमि को जोड़ने का संदेश दिया जाएगा। भाजयुमो के नेतृत्व में निकलने वाली यह यात्रा 17 सितंबर को काशी विश्वनाथ मंदिर में 10 नदियों के जल से जलाभिषेक के बाद शुरू होगी। लगभग 20 दिन तक चलने वाली यात्रा सात अक्टूबर को वडनगर पहुंचेगी।

भाजपा के लिए यह यात्रा केवल एक बाइक रैली नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन की यात्रा को जन्मभूमि से कर्मभूमि और कर्मभूमि से जन्मभूमि तक जोड़ने वाले राजनीतिक-सांस्कृतिक संदेश के रूप में पेश करने की तैयारी है। काशी को प्रधानमंत्री की कर्मभूमि और वडनगर को जन्मभूमि बताते हुए दोनों स्थानों के बीच कार्यकर्ताओं और समर्थकों का संपर्क अभियान भी बनाया जाएगा। क्षेत्र अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने युवा मोर्चा काशी क्षेत्र प्रभारी से बाइक यात्रा की अब तक की तैयारियों का फीड बैक लिया

31 हजार से ज्यादा बूथों पर ‘आशीर्वाद का दीया’

क्षेत्र अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने कहा कि अभियान में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के जरिए प्रधानमंत्री के प्रति नागरिकों और कार्यकर्ताओं के विश्वास को बूथ स्तर तक जोड़ा जाएगा। काशी क्षेत्र के करीब 31,168 बूथों पर कार्यकर्ताओं, युवाओं, महिलाओं और विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों की भागीदारी सुनिश्चित करने की योजना है। बूथ समितियों और पन्ना प्रमुखों को अभियान को घर-घर तक पहुंचाने की जिम्मेदारी दी गई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री को देश का कार्यकर्ता और नागरिक सबसे बड़ा उपहार अपना आशीर्वाद और विश्वास ही दे सकता है। इसी सोच के साथ ‘आशीर्वाद का दीया’ को व्यापक जनभागीदारी वाला कार्यक्रम बनाने पर जोर दिया गया।

स्कूलों में ‘सपनों का भारत’, गांवों में चौपाल और सोशल मीडिया पर अभियान

अभियान का विस्तार केवल पार्टी संगठन तक सीमित नहीं रहेगा। ‘सपनों का भारत’ कार्यक्रम के तहत सरकारी और निजी विद्यालयों में विकसित भारत के संकल्प को लेकर विभिन्न गतिविधियां और भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। वहीं ‘ग्राम चौपाल एवं सीधा संवाद’ के जरिए ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों से संपर्क किया जाएगा। पार्टी सोशल मीडिया, व्हाट्सऐप, स्थानीय प्रचार माध्यमों, रचनात्मक सामग्री और इन्फ्लुएंसर्स के जरिए अभियान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने की तैयारी में है। अशोक चौरसिया ने बताया कि एक महीने के अभियान में 13 प्रमुख कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें ‘नमो सेवा गाथा’, ‘आंगन का उत्सव’, ‘कहानी बदलाव की’, ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’, ‘सेवा ज्योति यात्रा’, ‘वडनगर से वाराणसी यात्रा’, ‘सेवा मेरा योगदान’, ‘सेवा सेतु अभियान’, ‘रंगोली राष्ट्र एवं घर-घर से राष्ट्र तक’, ‘राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज’ और ‘जनसेवा महाकुंभ’ प्रमुख हैं।

इसके अलावा प्रमुख स्मारकों पर लेजर शो, प्रमुख तीर्थस्थलों पर महायज्ञ एवं विशेष अनुष्ठान और ग्राम चौपाल जैसे कार्यक्रम भी अभियान में शामिल किए गए हैं। पार्टी की कोशिश है कि प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन को सेवा, सुशासन, विकास और गरीब कल्याण की गतिविधियों से जोड़कर अलग-अलग सामाजिक वर्गों के बीच अभियान की पहुंच बनाई जाए।

पार्टी के काशी क्षेत्र के प्रवक्ता नवरतन राठी ने बताया कि क्षेत्र अध्यक्ष ने बैठक में सेवा संकल्प अभियान के तहत काशी क्षेत्र के विभिन्न जिलों में आयोजित होने वाले विविध सेवा कार्यक्रमों के सफल क्रियान्वयन एवं मॉनिटरिंग की जिम्मेदारी क्षेत्र के पदाधिकारियों को सौपी

बैठक का संचालन क्षेत्रीय महामंत्री अनूप जायसवाल और धन्यवाद ज्ञापन महामंत्री अजीत रावत ने किया।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी