भाजपा के स्थापना दिवस पर जनप्रतिनिधियों व पार्टी पदाधिकारियों ने किया सम्पर्क
—सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं व उपलब्धियों पर चर्चा, लाभार्थियों से मिले
वाराणसी, 08 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में पूरे देशभर में चल रहे ग्राम,बस्ती सम्पर्क अभियान के तहत वाराणसी में भी बुधवार को पार्टी के पदाधिकारियों व जनप्रतिनिधियों ने लोगों से सम्पर्क किया। ग्राम व बस्तियों में झाडू लगाकर स्वच्छता अभियान में भागीदारी की। इसके बाद घर—घर सम्पर्क कर पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का सम्मान किया और सरकार की उपलब्धियों पर खुलकर चर्चा की।
अभियान में पार्टी के काशी क्षेत्र अध्यक्ष दिलीप पटेल ने वाराणसी जिले की रोहनियां विधानसभा के वार्ड सीरगोवर्धनपुर में कार्यकर्ताओं के साथ स्कूल व सार्वजनिक स्थलों पर झाडू लगाकर स्वच्छता अभियान चलाया। इसके बाद वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को अंगवस्त्रम ओढ़ाकर सम्मानित किया। इस अवसर पर क्षेत्रीय अध्यक्ष ने घर घर सम्पर्क किया। लोगों से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं पर चर्चा की और उपलब्धियों को बताया। क्षेत्रीय अध्यक्ष ने सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों से मिलकर उनके जीवन में आए बदलाव को जाना।
इस दौरान क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप पटेल ने कहा कि वर्ष 1951 में जनसंघ के रुप में लगा पौधा आज भारतीय जनता पार्टी के रुप में वटवृक्ष बन चुका है। जिसके 15 करोड़ से अधिक सदस्य है। पं दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानव वाद व अंत्योदय की परिकल्पना को साकार करने का काम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कर रहे हैं। समाज के वंचित, शोषित लोगों का सरकार की योजनाओं के माध्यम से उत्थान किया जा है। इस कार्यक्रम में जिला महामंत्री सुरेन्द्र पटेल,जिला उपाध्यक्ष सुरेश सिंह, क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी नवरतन राठी, संतोष सोलापुरकर आदि शामिल रहे।
इसी क्रम में भाजपा के वाराणसी जिलाध्यक्ष व एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा ने रोहनिया विधानसभा के ककरमत्ता 38 वार्ड के जलालीपट्टी में स्वच्छता अभियान चलाकर व्यापक स्वच्छता की । इस दौरान जिलाध्यक्ष ने वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को अंगवस्त्र पहनाकर सम्मानित किया।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

