home page

बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार काशी में, दशाश्वमेधघाट पर गंगा आरती में हुए शामिल

 | 
बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार काशी में, दशाश्वमेधघाट पर गंगा आरती में हुए शामिल


वाराणसी, 27 सितंबर (हि.स.)। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे व स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार रविवार शाम वाराणसी दौरे पर पहुंचे। दो दिवसीय दौरे के पहले दिन स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार दशाश्वमेधघाट पर विश्व प्रसिद्ध मां गंगा की आरती में शामिल हुए। गंगा सेवा निधि के आरती में शामिल होने के पूर्व निशांत कुमार ने मां गंगा को प्रणाम किया। इसके बाद गंगा आरती देखी।

गंगा आरती के बाद उन्होंने गंगा सेवा निधि के विजिटर बुक में लिखा कि ये मेरा सौभाग्य हे मै मां गंगा की आरती में शामिल हुआ। मां गंगा का आशीर्वाद हम सभी भारतवासियों पर बना रहे। निधि के अध्यक्ष सुशांत मिश्रा ने बिहार के स्वास्थ्य मंत्री को अंगवस्त्र, प्रसाद व मोमेंटो देकर स्वागत किया। निशांत कुमार लगभग 30 मिनट तक गंगा आरती में मौजूद रहे।

बताते चले गंगा नदी का जलस्तर बढ़े होने के कारण आरती निधि कार्यालय पर सम्पन्न कराई जा रही है। इसके पहले स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने पड़ाव स्थित श्री सर्वेश्वरी समूह में जाकर बाबा अवधूत भगवान राम का दर्शन पूजन किया। उन्होंने आश्रम में दर्शन पूजन के साथ-साथ जदयू के पदाधिकारियों से भी मुलाकात की। निशांत कुमार वाराणसी में रात्रि विश्राम के बाद सोमवार को श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन पूजन करेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी