अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर बीएचयू होगा योगमय, 1200 प्रतिभागी होंगे शामिल
वाराणसी, 19 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी स्थित काशी हिन्दू विश्वविद्यालय के मालवीय भवन में 21 जून, रविवार को 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस वर्ष योग दिवस की थीम “योग फॉर हेल्दी एजिंग” रखी गई है। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के अधिकारी, कुलपति, कुलसचिव के अलावा संस्थानों के निदेशक, संकाय प्रमुख, केंद्रों के समन्वयक तथा अधिकारी, कर्मचारी व विद्यार्थियों की सहभागिता होगी। शुक्रवार को यह जानकारी विश्वविद्यालय के जनसम्पर्क कार्यालय ने दी।
बताया गया कि मालवीय भवन में आयोजित होने वाले समारोह के मुख्य अतिथि विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रो. सत्यनारायण शंखवार, निदेशक, चिकित्सा विज्ञान संस्थान करेंगे। प्रो. राजाराम शुक्ल, संकाय प्रमुख, संस्कृत विद्या धर्म विज्ञान संकाय मुख्य वक्ता के रूप में योग के दार्शनिक, सांस्कृतिक एवं व्यावहारिक आयामों पर अपने विचार व्यक्त करेंगे। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में राजन श्रीवास्तव, कुलसचिव उपस्थित रहेंगे।
इस वर्ष आयोजित होने वाले समारोह में राष्ट्रीय कैडेट कोर के लगभग 300 कैडेट, राष्ट्रीय सेवा योजना के 200 से अधिक स्वयंसेवक तथा मालवीय भवन में संचालित योग पाठ्यक्रम के 300 से अधिक विद्यार्थियों सहित अन्य छात्र-छात्राएँ, कर्मचारी, अधिकारी व शिक्षक प्रतिभाग करेंगे।
कार्यक्रम में लगभग 1000 से 1200 प्रतिभागियों की उपस्थिति रहेंगे। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का मुख्य कार्यक्रम 21 जून को प्रातः 6:30 बजे से 8:30 बजे तक मालवीय भवन परिसर में आयोजित किया जाएगा। सामूहिक योगाभ्यास एवं योग क्रियाओं का आयोजन मालवीय भवन के दोनों ओर स्थित उद्यान तथा मुख्य सभागार में किया जाएगा। योगाभ्यास के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी किया जाएगा। कार्यक्रम के संचालन में भारत सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित किया जाएगा। सामूहिक योगाभ्यास के उपरान्त अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का मुख्य समारोह आयोजित होगा।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

