home page

भारत-अमेरिका व्यापार समझौता और भारतीय बजट 2026 पर संगोष्ठी, तुलनात्मक समीक्षा

 | 
भारत-अमेरिका व्यापार समझौता और भारतीय बजट 2026 पर संगोष्ठी, तुलनात्मक समीक्षा


भारत-अमेरिका व्यापार समझौता और भारतीय बजट 2026 पर संगोष्ठी, तुलनात्मक समीक्षा


वाराणसी, 28 फरवरी (हि.स.)। स्वदेशी जागरण मंच काशी महानगर के तत्वावधान तथा काशी हिन्दू विश्वविद्यालय के सामाजिक विज्ञान संकाय के संयोजन में प्रो. एच.एन. त्रिपाठी स्मृति सभागार में ‘भारत-अमेरिका व्यापार समझौता और भारतीय बजट 2026’ विषयक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। संगोष्ठी में देश के जाने —माने अर्थशास्त्रियों एवं विषय विशेषज्ञों ने अमेरिका, जापान और भारत की आर्थिक नीतियों की तुलनात्मक समीक्षा प्रस्तुत की। विचार-विमर्श के दौरान पेटेंट व्यवस्था, नई विश्व व्यवस्था, आयात-निर्यात एवं टैरिफ नीति, मूल्य शून्यता, गुणवत्ता और सुरक्षा मानक, आयात व्यय में वृद्धि तथा संतुलित बजट जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत व्याख्यान दिए गए।

कार्यक्रम के विशिष्ट वक्ता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग संघचालक जय प्रकाश लाल ने अपने संबोधन में देशी एवं स्वदेशी विकल्पों को अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने चीन से उत्पन्न आर्थिक चुनौतियों पर भी विस्तार से चर्चा की और आत्मनिर्भरता को समय की आवश्यकता बताया। संगोष्ठी के दौरान तीन शोध-पत्र प्रस्तुत किए गए। साथ ही दो पुस्तकों और एक पत्रिका का विमोचन भी किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता अर्थशास्त्री प्रो. आद्या प्रसाद पांडेय ने की। विषय प्रवर्तन प्रो. अनूप मिश्र ने किया, संचालन कविता मालवीय ने तथा धन्यवाद ज्ञापन शैलेन्द्र पांडेय ने किया। आयोजन में 38 पंजीकृत प्रतिभागियों में से 35 ने प्रत्यक्ष रूप से भाग लिया, जबकि 93 विचारकों ने ऑनलाइन माध्यम से सहभागिता की। संगोष्ठी के उपरांत 165 नए पंजीयन प्राप्त हुए, जिन्हें शीघ्र ही वेबिनार हेतु ऑनलाइन आमंत्रण भेजा जाएगा। कार्यक्रम के अंत में संगठन द्वारा दो नए दायित्वों की घोषणा भी की गई। संगोष्ठी में भारत की आर्थिक नीतियों, वैश्विक व्यापार समझौतों और बजट प्रावधानों पर गंभीर मंथन हुआ।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी