बीएचयू के प्रो. एस. बी. अग्रवाल का पंचानन माहेश्वरी मेडल-2026 के लिए चयन
वाराणसी, 05 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी स्थित काशी हिन्दू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के प्रोफेसर एस. बी. अग्रवाल (सेवानिवृत्त, वनस्पति विज्ञान ) राष्ट्रीय विज्ञान अकादमी के वरिष्ठ वैज्ञानिक ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। प्रो.अग्रवाल को इंडियन बॉटेनिकल सोसाइटी के प्रोफेसर पंचानन माहेश्वरी मेडल पुरस्कार-2026 के लिए चयनित किया गया है।
यह सम्मान उन्हें ओजोन प्रदूषण के पौधों पर पड़ने वाले प्रभावों से संबंधित उनके उल्लेखनीय शोध कार्य के लिए प्रदान किया जाएगा। इंडियन बॉटेनिकल सोसाइटी की सचिव प्रो. सेशु लावण्या ने 2 जून, 2026 को प्रो. एस. बी. अग्रवाल को भेजे पत्र में उनके चयन की जानकारी दी। पत्र के अनुसार, इंडियन बॉटेनिकल सोसाइटी की कार्यकारी परिषद तथा पिछले पांच वर्षों के मेडल पुरस्कार प्राप्तकर्ताओं ने प्रो. अग्रवाल के नाम की अनुशंसा प्रोफेसर पंचानन माहेश्वरी मेडल पुरस्कार-2026 के लिए की है। पत्र में सोसाइटी तथा वनस्पति विज्ञान के क्षेत्र में उनके योगदान की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी गई है।
प्रोफेसर पंचानन माहेश्वरी मेडल प्रदान करने का समारोह इंडियन बॉटेनिकल सोसाइटी के 49वें अखिल भारतीय वनस्पति विज्ञान सम्मेलन के दौरान आयोजित किया जाएगा। यह सम्मेलन आगामी 1 से 3 नवंबर, 2026 तक सीएसआईआर-सीएफटीआरआई, मैसूर में आयोजित होगा। इस अवसर पर प्रो. अग्रवाल लगभग 30 मिनट का पुरस्कार व्याख्यान भी देंगे, जो मुख्य रूप से वनस्पति विज्ञान के क्षेत्र में उनके वैज्ञानिक योगदान पर आधारित होगा।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

