home page

प्रो. पुनीत बने सर सुन्दरलाल चिकित्सालय के नए चिकित्सा अधीक्षक

 | 
प्रो. पुनीत बने सर सुन्दरलाल चिकित्सालय के नए चिकित्सा अधीक्षक


प्रो. अजीत सिंह को ट्रॉमा सेंटर का आचार्य प्रभारी बनाया गया, साथी प्रोफेसरों ने दी शुभकामनाएं

वाराणसी, 20 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी स्थित काशी हिन्दू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के चिकित्सा विज्ञान संस्थान जनरल सर्जरी विभाग के वरिष्ठ सर्जन प्रो. पुनीत को सर सुन्दरलाल चिकित्सालय का नया चिकित्सा अधीक्षक नियुक्त किया गया है। वहीं, चिकित्सा विज्ञान संस्थान के ख्यातिप्राप्त अस्थि रोग विशेषज्ञ प्रो. अजीत सिंह को ट्रॉमा सेंटर का नया आचार्य प्रभारी बनाया गया है। दोनों शिक्षकों ने सोमवार अपराह्न अपना-अपना पदभार ग्रहण कर लिया।

इन नियुक्तियों को सोमवार को कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी की अध्यक्षता में आयोजित विश्वविद्यालय की कार्यकारिणी परिषद की बैठक में स्वीकृति प्रदान की गई। यह नियुक्तियां चयन समिति की अनुशंसा के आधार पर की गई हैं।

उल्लेखनीय है कि सर सुन्दरलाल चिकित्सालय के चिकित्सा अधीक्षक तथा ट्रॉमा सेंटर के आचार्य प्रभारी के पदों के लिए 08 जुलाई, 2026 को चयन समिति के समक्ष साक्षात्कार एवं इंटरेक्शन आयोजित किए गए थे। चयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी ने दोनों नियुक्तियों को मंजूरी प्रदान की।

इस अवसर पर कुलपति ने सर सुन्दरलाल चिकित्सालय के निवर्तमान चिकित्सा अधीक्षक प्रो. कैलाश कुमार तथा ट्रॉमा सेंटर के निवर्तमान आचार्य प्रभारी प्रो. सौरभ सिंह द्वारा अपने कार्यकाल में दिए गए योगदान की सराहना करते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया।

प्रो. पुनीत और प्रो. अजीत सिंह के नई जिम्मेदारी संभालने पर चिकित्सा विज्ञान संस्थान के शिक्षकों एवं सहकर्मियों ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। विश्वविद्यालय परिवार ने दोनों से अपने अनुभव और नेतृत्व क्षमता के बल पर चिकित्सीय सेवाओं तथा स्वास्थ्य सुविधाओं को और सुदृढ़ बनाने की अपेक्षा व्यक्त की है।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी