home page

बीएचयू में नेपाल की लोकतांत्रिक यात्रा पर तीन-दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन 13 मार्च से

 | 

—सम्मेलन में भारत एवं नेपाल के विद्वान, नीति-विशेषज्ञ और शोधार्थी करेंगे भागीदारी

वाराणसी, 09 मार्च (हि.स.)। केंद्र–नेपाल अध्ययन, राजनीति विज्ञान विभाग, समाज विज्ञान संकाय, काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के तत्वावधान में तीन-दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन 13 मार्च से किया जाएगा। डेमोक्रेसी इन ट्रांज़िशन: नेपाल्स पॉलिटिकल डाइलेमाज़ एंड प्रॉस्पेक्ट्स विषयक सम्मेलन में भारत एवं नेपाल के विद्वान, नीति-विशेषज्ञ और शोधार्थी भाग लेंगे। नेपाल के लोकतांत्रिक संक्रमण, संवैधानिकता, शासन-क्षमता एवं जवाबदेही, समावेशन/मानवाधिकार, युवा सहभागिता, विकास एवं क्षेत्रीय आकांक्षाएँ, तथा दक्षिण एशिया की भू-राजनीति जैसे विषयों पर विचार-विमर्श होगा।

सोमवार को यह जानकारी सम्मेलन के संयोजक एवं कोषाध्यक्ष आयोजन सचिव (समन्वय समिति) प्रो. अभिनव शर्मा ने दी। उन्होंने बताया कि सम्मेलन में प्रो. एस. डी. मुनि (प्रोफेसर एमेरिटस, स्कूल ऑफ इंटरनेशनल स्टडीज़, जेएनयू, नई दिल्ली), प्रो. महेंद्र पी. लामा, पूर्व कुलपति, सिक्किम केंद्रीय विश्वविद्यालय, दक्षिण एशियाई अध्ययन केंद्र, अंतर्राष्ट्रीय अध्ययन संकाय, जेएनयू, शंभु राम सिमखड़ा (नेपाल के संयुक्त राष्ट्र में पूर्व स्थायी प्रतिनिधि),प्रो. कृष्ण हछेथु (राजनीति विज्ञान विभाग, त्रिभुवन विश्वविद्यालय, नेपाल के पूर्व विभागाध्यक्ष),प्रो. मीना वैद्य मल्ला (राजनीति विज्ञान विभाग, त्रिभुवन विश्वविद्यालय, नेपाल की पूर्व विभागाध्यक्ष)भाग लेंगे।

बीएचयू के के.एन. उडुपा ऑडिटोरियम सभागार में 13 मार्च को कार्यक्रम की शुरुआत पंजीकरण (9:30–10:00 बजे) से होगी। उद्घाटन सत्र (10:00–12:30 बजे) में महामना पंडित मदन मोहन मालवीय की प्रतिमा पर पुष्पांजलि, दीप प्रज्ज्वलन, तथा बीएचयू कुलगीत का आयोजन होगा। उसी दिन पूर्ण सत्रों के बाद सांस्कृतिक संध्या (शाम 6:30 बजे से) तथा गाला डिनर आयोजित होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी