बीएचयू में प्रो. सुनील कुमार सिंह ने संभाला शिक्षा संकाय प्रमुख का दायित्व, संकाय के पहले डीलिट
वाराणसी,01 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी स्थित काशी हिन्दू विश्वविद्यालय शिक्षा संकाय के वरिष्ठ आचार्य प्रो. सुनील कुमार सिंह ने सोमवार को शिक्षा संकाय के 24वें संकाय प्रमुख (डीन) का दायित्व संभाल लिया। प्रो. सिंह संकाय के प्रथम डीलिट हैं, उन्होंने महामना के व्यक्तित्व व महान कृतियों पर कार्य किया है। उन्होंने वर्ष 1987 से काशी हिन्दू विश्वविद्यालय में वनस्पति शास्त्र मे स्नातक एवं स्नातकोत्तर उपाधि धारण की तथा स्वर्ण पदक हासिल किया। इसके उपरान्त उन्होंने बी.एड., एम.एड. व पी.एच.डी. की। यह जानकारी विश्वविद्यालय के जनसम्पर्क कार्यालय ने दी।
बताया गया कि प्रो. सिंह वर्ष 1997 से शिक्षा संकाय मे अध्यापन कर रहे है। उन्होंने छात्रावासों के प्रशासनिक संरक्षक के अलावा, स्कूल बोर्ड तथा केन्द्रीय विद्यालय में प्रशासनिक दायित्व का बखूबी निर्वहन किया है। प्रो. सिंह राज्य व केन्द्रीय विश्वविद्यालय के विभिन्न समितियों में जुड़े है। उनके निर्देशन में 17 पीएचडी एवं लगभग 60 लघु शोध हो चुके है। तथा 15 से ज्यादा पुस्तकें एवं लगभग ।80 लेख प्रकाशित है। उन्होंने 250 से अधिक श्रोत व्याख्यान दिये है। 25 राष्ट्रीय/स्थानीय एवं 2 अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रमों का आयोजन भी किया है। वे शिक्षा संकाय के पूरा क्षेत्र संगठन के संस्थापक महासचिव हैं। वर्तमान में प्रोफेसर सिंह राष्ट्रीय अध्यापक शिक्षा परिषद नई दिल्ली की सामान्य सभा के शिक्षा मंत्रालय के मनोनीत सदस्य भी हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

