home page

बहुराष्ट्रीय मोटर कंपनी ने बीएचयू में सीएसआर के तहत रक्तदान करने वाली मोबाइल वैन को किया वित्त पोषित

 | 
बहुराष्ट्रीय मोटर कंपनी ने बीएचयू में सीएसआर के तहत रक्तदान करने वाली मोबाइल वैन को किया वित्त पोषित


वाराणसी,22 फरवरी (हि.स.)। बहुराष्ट्रीय मोटर कंपनी होंडा फाउंडेशन इंडिया ने अपनी कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) पहल के तहत स्वैच्छिक रक्तदान सेवाओं के लिए सुसज्जित ब्लड मोबाइल वैन की खरीद और तैनाती के लिए वित्तीय सहायता की घोषणा की है। इस पहल में काशी हिंदू विश्वविद्यालय में आयोजित एक समारोह में कंपनी और विश्वविद्यालय के बीच समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर और आदान-प्रदान के माध्यम से औपचारिक रूप दिया गया।सीएसआर द्वारा समर्थित यह ब्लड मोबाइल वैन, बीएचयू चिकित्सा विज्ञान संस्थान और संबद्ध रक्त केंद्र के सहयोग से संचालित की जाएगी, जिसका उद्देश्य विशेषकर ग्रामीण और वंचित समुदायों में जागरूकता अभियान का विस्तार करना है। सुरक्षित और कुशल रक्त संग्रहण सुनिश्चित करने के लिए, मोबाइल यूनिट अत्याधुनिक डोनर काउच, रेफ्रिजरेशन सिस्टम, स्क्रीनिंग सुविधाएं और स्टोरेज यूनिट से सुसज्जित होगी।

ब्लड सेंटर, सर सुंदरलाल चिकित्सालय चिकित्सा विज्ञान संस्थान बीएचयू के प्रभारी प्रोफेसर डॉ. संदीप कुमार के अनुसार इस पहल से पूरी तरह से सुसज्जित रक्त संग्रहण बस की खरीद और अनुकूलन हेतु सीएसआर निधि का उपयोग होगा। परिसरों और आसपास के समुदायों में स्वैच्छिक रक्तदान अभियानों का विस्तार के साथ सुरक्षित रक्त संग्रहण, भंडारण और परिवहन प्रणालियों को सुदृढ़ बनाया जाएगा। इससे नियमित रक्तदान को बढ़ावा देने के लिए संयुक्त जागरूकता अभियान में आसानी रहेगी। होंडा कार्स इंडिया लिमिटेड के उपाध्यक्ष कॉर्पोरेट मामलों के पीयूष मित्तल और प्रतिनिधि प्रदीप कुमार सिंह के अनुसार सामुदायिक कल्याण के प्रति हमारी प्रतिबद्धता के तहत, हमें इस जीवनरक्षक पहल का समर्थन करने पर गर्व है। ब्लड मोबाइल वैन सुरक्षित रक्त की उपलब्धता में सुधार करेगी और स्वैच्छिक रक्तदान की संस्कृति को बढ़ावा देगी, जिससे अंततः अनगिनत जानें बचेंगी।

बीएचयू कुलपति प्रोफेसर अजित कुमार चतुर्वेदी ने कहा कि यह साझेदारी हमारे विश्वविद्यालय और स्वास्थ्य सेवा कार्यक्रमों के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। मोबाइल ब्लड वैन से रक्तदान अभियान चलाने की हमारी क्षमता में काफी वृद्धि होगी और जरूरतमंद अस्पतालों और मरीजों के लिए रक्त की विश्वसनीय आपूर्ति सुनिश्चित होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी